त्रुटि : कोविशील्ड का टीका लगाकर को-वैक्सीन की थमा दी पर्ची, अगला डोज 28 दिन बाद लिखने से उपजा संशय

कोरबा (खटपट न्यूज)। कोविड संक्रमण को फैलने से रोकने के साथ ही इसके संक्रमण की रफ्तार और मृत्यु दर को कम करने के लिए कोरोना टीकाकरण पर पूरा जोर दिया जा रहा है। जिले के सभी टीकाकरण केन्द्रों में पहुंच रहे 18 साल से अधिक उम्र के बीपीएल और एपीएल कार्डधारकों को टीका लगने लगा है और वर्तमान में कोविशील्ड का टीका केन्द्रों में उपलब्ध है जो लगाया जा रहा है। टीकाकरण में एक लापरवाही का मामला बालको क्षेत्र से सामने आया है। भदरापारा के टीकाकरण केन्द्र में 10 मई को लगभग 200 युवाओं ने टीका लगवाया जिन्हें कोविशील्ड की डोज दी गई। इन्हें प्रदान की गई पर्ची में कोविशील्ड की बजाय को-वैक्सीन लिख दिया गया है और अगली डोज 28 दिन बाद लगवाने लिखा गया है। इस तरह के त्रुटिपूर्ण एंट्री से टीका लगवाने वालों में भ्रम उत्पन्न हुआ है कि जब कोविशील्ड की दूसरी डोज 42 दिन में लगनी है तो को-वैक्सीन लिखकर 28 दिन में दूसरा डोज कैसे लगाया जाएगा? यह मामला किसी एक के साथ नहीं बल्कि लगभग सभी के साथ हुआ है।
0 42 दिन में लगवाएं दूसरा टीका : बीएमओ कोरबा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक राज की जानकारी में यह त्रुटि लाए जाने पर कहा कि ऐसा कैसे हुआ, इसे दिखवाया जाएगा। वैसे भी सभी सेंटर में टीकाकरण का डाटा उपलब्ध रहता है और कोविशील्ड का टीका ही इस समय लग रहा है जिन्होंने भी 10 मई को यह टीका लगवाया है वे 42 दिन बाद ही दूसरा टीका लगवाएं। हमारे पास हितग्राहियों के फोन नंबर भी हंै, जिसके जरिए सूचना देने का प्रयास किया जाएगा।

Advertisement Carousel