कोरबा (खटपट न्यूज)। अभी जबकि 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना रोधी टीका लगाने का पंजीयन कार्य शुरू भी नहीं हुआ है और इसकी तैयारियां की जा रही हैं लेकिन कोरबा जिले के कई क्षेत्रों में 18 साल से ऊपर आयु के लोगों का टीका लगाना शुरू कर दिया गया है। इस तरह से टीका लगाना स्वास्थ्य अमले की घोर लापरवाही को दर्शाने के लिए पर्याप्त है।

कोरबा जिले से हैरानी भरी और स्वास्थ्य अमले की लापरवाही पूर्ण तरीके से काम करने वाली बड़ी खबर है। यहां के कटघोरा अनुविभाग अंतर्गत बांकीमोगरा स्थित अस्पताल में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का कोरोनारोधी टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। टीकाकरण कराते/लगाते हुए बाकायदा इसकी तस्वीर सोशल मीडिया में भी पोस्ट की जा रही है है और अपने वाट्सअप स्टेटस पर भी इसे लगाया जा रहा है। बांकीमोंगरा ही नहीं बल्कि घुड़देवा, कटाईनार सहित अन्य टीकाकरण केन्द्रों में पहुंचकर युवा नेतागण टीका लगवा रहे हैं। सेवा दल यंग ब्रिगेड, युकां पदाधिकारी व सदस्यगण व कार्यकर्ता इस कार्य में आगे हैं। बालको क्षेत्र के अस्पतालों में भी टीका 18 साल से ऊपर के लोगों को अभी से लगाने की खबर हैं।

इस बारे में जहां बांकीमोंगरा के एक टीकाकरण केन्द्र में मौजूद नोडल अधिकारी ने निगम के जोन प्रभारी तपन का नाम लेते हुए बताया कि उन्होंने 18 से ऊपर वालों का टीकाकरण के लिए कहा जिस पर 8 से 10 लोगों का टीका लगाया गया है। अपुष्ट तौर पर यह बात भी सामने आई है कि क्षेत्र के कुछ पार्षदों के द्वारा मैसेज भेजकर टीका लगवाने के लिए कहा गया और किसी एक युवक के द्वारा टीका लगवा लेने की सूचना मिलने पर उसकी देखा-देखी अन्य युवाओं ने भी टीका लगवाना शुरू कर दिया है। हैरानी इस बात की है कि कुछ उत्साही लोग पहले टीका लगवाकर रिकार्ड बनाने जैसी कोशिश करते हैं किंतु जिम्मेदार लोगों को तो ऐसी गलती नहीं करनी चाहिए, आखिर उनकी तो कोई मजबूरी नहीं है और न कोई दबाव। इस संबंध में जब जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर बीबी बोर्डे से उनके नंबर 9826540777 पर संपर्क कर जानकारी देने और जानकारी चाहने के लिए फोन किया गया तो कोई जवाब नहीं मिला। कुछ देर घंटी बजने के बाद फोन इंगेज बताने लगा।

















