कोरबा(खटपट न्यूज़)। बिलासपुर आईजी रतनलाल डांगी के फरमान के विपरीत रेंज के कोरबा जिले में विगत कुछ महीनों से उनके आदेश/निर्देश की धज्जियाँ सरपरस्ती में उड़ाई जा रही हैं। अवैध धंधों के पुराने सफेदपोश कारोबारियों के दिन लौट आये हैं और वे पूरे मनोयोग से जुआ, सट्टा के काम में तल्लीन हैं।

जंगल में जुआ और जिले भर में सट्टा इस कदर हो रहा है कि कोरोना का व्यापक होता संक्रमण भी इन पर प्रभावशाली नहीं है। जुआ का बड़ा फड़ किसी से छिपा नहीं है बल्कि हर जानने वाले की जुबान पर चर्चा है, यह और बात है कि जिला और स्थानीय पुलिस के मुखबिर इस मामले में निष्क्रिय हो गए हैं/कर दिए गए हैं।
इसी तरह सट्टा मुक्त हो चुके कोरबा जिला में पूर्वांचल से लेकर कोयलांचल और ग्राम अंचल में सट्टा फिर से लंबा-चौड़ा हो रहा है।
आईपीएल के मैच हों और सटोरिये शांत रहें, ऐसा कोरबा जैसे धनवान जिले में एकाध बार ही मुमकिन हुआ है, वह भी दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण किंतु अभी तो इसे मानों पंख लग गए हों। आधुनिक संचार साधनों से सट्टा खेलाते कई बार पकड़ा जा चुका बुकी पूर्ण सक्रिय है तो एक व्यापारी जो जगत….चा है, के द्वारा नामचीन होटल में आईपीएल का सट्टा खेलाया जा रहा है। एक अन्य होटल व्यवसायी और उसके सहयोगी भी खासे सक्रिय हैं। 4 बड़े बुकी और छोटे-छोटे खाईवाल पूरा जिला खेला रहे हैं। मजे की बात तो यह है कि एक बड़े ठिकाने पर नजर तिरछी होते-होते रह गयी जबकि छोटे-टुच्चे सटोरिये प्रतिद्वंदियों की मुखबिरी पर पकड़े जाते रहे ताकि ऊपर कुछ कार्यवाही भी आला अधिकारी दिखा तो सकें।
शहर के साथ-साथ उपनगरों तक कई सफेदपोश/बिगड़े नवाबों के द्वारा इन दिनों आईपीएल में जमकर सट्टा का दांव लगाया जा रहा है। पुराने और नए अनुभव मिलकर सट्टा मुक्त कोरबा जिले को सट्टा युक्त जिला बना रहे हैं। सटोरियों के बीच से ही एक ने बताया कि हर दिन लाखों का दांव सिर्फ शहर से ही लग रहा है। लेन-देन का काम कुछ लोगों के जरिये हाथों-हाथ भी हो रहा है। मुम्बई, पुणे, हैदराबाद, बैंगलोर से स्पेशल टचिंग है। जिले में संचालित सट्टे का गोवा कनेक्शन भी तगड़ा है। मटका सट्टा के नंबर बाकायदा गूगल प्ले स्टोर पर ‘कल्याण” नामक एप पर जारी किए जाते हैं। इसमें कल्याण, कल्याण नाइट, राजधानी नाइट, मेन रतन, मिलन डे नाम से अलग-अलग समय के मुताबिक लकी नंबर जारी किए जाते हैं। सटोरिए इसके नंबर लेने के लिए सक्रिय रहते हैं। ये नंबर मुंबई से जारी होते हैं जबकि गोवा से जारी होने वाले नंबरों का सट्टा भी जिले में खेलाया जा रहा है। कोरोना काल इनके लिए खामोशी के साथ गोल्डन चांस देने वाला साबित हो रहा है।(अभी और भी..)















