Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा कोरोना में प्रतिबंध : गायक कलाकारों, डीजे व साउंड संचालकों की माली...

कोरोना में प्रतिबंध : गायक कलाकारों, डीजे व साउंड संचालकों की माली हालत हो रही खराब, एडवांस में ली रकम लौटाने की मजबूरी ने बढ़ाई और परेशानी


0 एसोसिएशन ने प्रशासन से मांगी छूट की राहत
कोरबा (खटपट न्यूज़)। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को लेकर जिला प्रशासन ने सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक व्यवसायिक प्रतिष्ठानों व दुकानों के संचालन का समय निर्धारित किया है। डिस्ट्रिक्ट साउंड एंड लाईट ऑनर एसोसिएशन व कोरबा आर्टिस्ट एसोसिशन ने कोविड-19 प्रोटोकाल में छूट प्रदान करने की मांग प्रशासन से की है।

आर्टिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जाकिर हुसैन ने प्रेस क्लब तिलक भवन में आहूत पत्रवार्ता में कहा कि एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से कोविड-19 के कारण प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित समय को रात 10 बजे तक बढ़ाने की मांग की है। विवाह सहित अन्य आयोजनों में भी केवल 50 लोगों के शामिल होने के निर्देश जारी किए गए हैं इससे साउंड, लाइट, डीजे, कैटरिंग, बलून व्यवसाय से जुड़े लोगों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक-दो माह पहले जब हालात पूरी तरह सामान्य थे, तब आयोजन व विवाह समारोह के लिए एडवांस लेने के बाद अब उन्हें उक्त राशि को लौटाने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने आयोजनों में निर्धारित लोगों की संख्या में इजाफा करने की मांग भी प्रशासन से की है। साउंड ऑनर एसोसिएशन के सचिव सुनील चौहान ने बताया कि प्रशासन बीच का कोई रास्ता निकाले जिससे साउंड, लाइट, डीजे व केटरिंग से जुड़े लोगों को रोजी-रोटी की समस्या न हो। प्रशासन यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करता है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। पिछले वर्ष लगे लॉकडाउन में भी प्रशासन द्वारा एसोसिएशन को कोई सहायता प्रदान नहीं की गई थी। दुबारा अगर लॉकडाउन की स्थिति बनी तो निश्चित ही हमारे समक्ष भूखों मरने की नौबत आ जाएगी। पत्रवार्ता में आर्टिस्ट एसोसिएशन के सचिव सत्यप्रकाश जायसवाल ने बताया कि मांगों के संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है, कलाकारों की भी स्थिति कुछ ठीक नहीं चल रही है और वे दयनीय हालत में जीवन गुजारने पर विवश है। आयोजनों में गाना-बजाना कर अपना जीवन-यापन करते आ रहे हैं जिस संबंध में जिला प्रशासन को एक बार जरूर सोचना चाहिए। एसोसिएशन ने रायपुर में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के औचित्य पर भी सवाल उठाए। पत्रवार्ता में एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सिंह, उपाध्यक्ष विनोद जायसवाल, बंधन यादव, कोषाध्यक्ष प्रवेश अग्रवाल भी उपस्थित थे।

Advertisement Carousel