Wednesday, March 25, 2026
Home Uncategorized गायब जमीन की तलाश जारी : जिला स्तरीय जांच दल के समक्ष...

गायब जमीन की तलाश जारी : जिला स्तरीय जांच दल के समक्ष उपस्थित हुए राजस्व अधिकारी, टीआई और भू-स्वामी, नहीं पहुंचे पॉम मॉल के संचालक…


कोरबा(खटपट न्यूज़)। राजस्व मंडल कोरबा के अंतर्गत पटवारी हल्का कोरबा के पावर हाउस रोड स्थित खसरा नंबर 663/3 की भू स्वामी श्रीमती अरुणिमा सिंह के द्वारा अपनी गायब जमीन की तलाश की जा रही है। उनकी जमीन से छेड़छाड़ व चौहद्दी में परिवर्तन करने की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ व राजस्व पटवारी संघ द्वारा बुधवार को किये गए एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन उपरांत पूरे प्रकरण के संबंध में तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष जांच हेतु जिला स्तरीय जांच दल का गठन कलेक्टर द्वारा किया गया है।

इस संबंध में 18 मार्च को अपर कलेक्टर प्रियंका महोबिया द्वारा प्रकरण से संबंधित आवश्यक जानकारी के साथ जांच दल के समक्ष उपस्थित होना सुनिश्चित करने कहा गया था। गुरुवार को कोरबा एसडीएम सुनील नायक, तहसीलदार सुरेश साहू, कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा, सीमांकन दल के समस्त सदस्यगण, भू स्वामिनी श्रीमती अरुणिमा सिंह अपने पुत्र अंकित सिंह के साथ जांच दल के समक्ष उपस्थित हुए। दूसरी तरफ पॉम मॉल के संचालक दिनेश मोदी यहां उपस्थित नहीं हुए। दल के समक्ष सभी पक्षों का बयान कलमबद्ध किया गया लेकिन दिनेश मोदी का बयान दर्ज नहीं हो पाया। बताया गया कि दोपहर 12:30 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक इस प्रकरण में विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ और पड़ताल चलती रही। इस मामले में अपर कलेक्टर से तो चर्चा नहीं हो पाई किंतु ज्ञात हुआ है कि राजस्व अमले ने अपनी ओर से सारी कार्यवाही को सही बताने की कोशिश की। रिकार्डो में त्रुटियों को एक सामान्य घटना बताते हुए कहा कि ऐसे अनेक मामले हैं जिनका सुधार किया जा रहा है। दूसरी तरफ भू स्वामिनी अरुणिमा सिंह के पुत्र अंकित सिंह का कहना है कि अपने ही हिसाब से तथ्यों को रखकर हमारी बातों को अनसुना किया गया। हमारे द्वारा पाम मॉल के निर्माण क्षेत्र और इसके अगल-बगल की जमीन मौजूद होने लेकिन 663/ 3 की जमीन नहीं मिलने के संबंध में तथ्य रखने के प्रयास किए गए जिन्हें सुना नहीं गया। उन्होंने इस तरह की जांच प्रणाली को उचित करार नहीं दिया बल्कि दबावपूर्ण बताया है। देखना है कि सभी तथ्यों को समझने और परखने के बाद जिला स्तरीय जांच दल किस नतीजे पर पहुंचता है और मौके से गायब बताई जा रही जमीन किस हद तक सामने लाई जा सकेगी?

Advertisement Carousel