0ग्रामीणों में दहशत का माहौल
कोरबा-दीपका (खटपट न्यूज़)। जंगल से निकलकर आबादी क्षेत्र में जानवरों के आने की कड़ी में सोमवार को दीपका क्षेत्र में एक चीता (तेंदुआ) देखे जाने की खबर बड़ी तेजी से फैली।सोमवार को रीजनल स्टोर गेवरा में तेंदुआ या चीता होने की जानकारी पर डिप्टी रेंजर मृत्युंजय शर्मा, नायब तहसीलदार शशिभूषण सोनी, सीआईएसएफ के जवान पहुंचे थे। मौके पर पंजों के निशान देखने के लिए स्पाट पर चिन्हित किए लेकिन चीता नजर नहीं आया।

इधर मंगलवार सुबह दीपका से रंजना मार्ग में ग्राम बतारी निवासी रकबर सिंह के घर से लगे बाड़ी में तेंदुआ के छिपे होने की जानकारी मिली थी। रकबर सिंह और उसके परिजन सहित आसपास के लोग इस तेंदुआ को तलाश रहे थे। रकबर सिंह बाड़ी के करीब 7 फीट ऊंचे चारदीवारी पर चढ़कर तेंदुआ को तलाश रहा था कि इस दौरान अचानक तेंदुआ सामने आया और रकबर सिंह पर झपट्टा मारा।

असंतुलित होकर रकबर सिंह बाउंड्री वॉल से नीचे गिर पड़ा और चोटिल हो गया जबकि तेंदुआ ग्रामीणों का शोर सुनकर भाग निकला। इसकी सूचना तत्काल पुलिस और वन विभाग को दी गई।

थोड़ी देर में मौके पर पुलिस कर्मी और वन विभाग के लोग पहुंचे। तेंदुआ की तलाश जारी है। गांव में तेंदुआ घुस जाने की पुष्टि होने उपरांत ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।















