Sunday, March 22, 2026
Home Uncategorized किशोरी का अपहर्ता सीसी कैमरे में कैद, आरक्षक ने पहचाना, 24 घंटे...

किशोरी का अपहर्ता सीसी कैमरे में कैद, आरक्षक ने पहचाना, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

0 आपरेशन मुस्कान में कोतवाली पुलिस को सफलता

कोरबा(खटपट न्यूज़)। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया गया।

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश शर्मा ने बताया कि 21 फरवरी को किशोरी के परिजन ने कोतवाली में आकर उसकी किशोरवय पुत्री को किसी युवक के द्वारा भगा ले जाने की सूचना दी। 19 फरवरी को शाम 4 बजे किशोरी के इस तरह लापता हो जाने की जानकारी पर परिजनों द्वारा अपने स्तर पर पतासाजी की जा रही थी और फिर थाने में सूचना दी गई। सूचना उपरांत किशोरी व आरोपी की तलाश शुरू की गई। सीतामणी चौक में लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज को खंगाला गया जिसमें आरोपी की फोटो नजर आई। उसकी फोटो जिले के सभी थाना चौकी में भेजकर जानकारी चाही गई। मानिकपुर पुलिस चौकी में पदस्थ आरक्षक सुरेन्द्र राठौर ने पहचान पूर्व में हत्या के आरोप में सजायाप्ता रह चुके सुखनाथ साहू के पुत्र सूर्यकांत साहू 20 वर्ष निवासी मानिकपुर नहर के पास के रूप मेें की। पहचान होते ही उसके बारे में मुखबिरों को सक्रिय कर पता किया गया तो बलौदाबाजार जिले के ग्राम पवनी में होने की आशंका जताई गई। टीआई ने एसपी अभिषेक मीणा, एएसपी कीर्तन राठौर, सीएसपी योगेश साहू से मार्गदर्शन प्राप्त कर एक टीम पवनी के लिए रवाना किया गया, जहां किशोरी को सूर्यकांत के कब्जे से बरामद कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल करा दिया गया। बताया गया है कि आरोपी शहर के एक गैरेज में मोटर मैकेनिक का काम सीख रहा था। इस कार्यवाही में एसआई भावना खंडारे, प्रधान आरक्षक माखनलाल पात्रे, आरक्षक मनीष बघेल, अजय यादव, महिला आरक्षक राजश्री लकड़ा की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisement Carousel