Wednesday, March 25, 2026
Home Uncategorized उधार में दी गई रकम 2.65 लाख वसूल कर हड़पने का आरोप,...

उधार में दी गई रकम 2.65 लाख वसूल कर हड़पने का आरोप, महिला आयोग कोरबा प्रभारी और एसपी का ड्रायवर बताकर दिखा रहे धौंस…

0 आदिवासी महिला की शिकायत लंबित

कोरबा(खटपट न्यूज़)। एक आदिवासी महिला के द्वारा अपने गहनों को बैंक में गिरवी रखकर अत्यधिक पैसों की आवश्यकता बताने वाले परिचित युवक को दिया गया। इस रकम को वापस करने से टाल-मटोल करने पर महिला ने अपने दो परिचितों का सहारा लिया जिन्होंने रुपए तो वसूल लिए लेकिन अब आदिवासी महिला को रुपए लौटाए नहीं जा रहे। पीडि़ता की शिकायत अजाक थाना में निराकरण के लिए लंबित है।
जानकारी के अनुसार रामपुर पुलिस चौकी क्षेत्रांतर्गत नूरी मस्जिद आरा मशीन वार्ड 20 निवासी समारिन बाई कंवर उर्फ सिमरन ने राजकिशोर नगर बिलासपुर निवासी अपने परिचित बिसाहूराम वस्त्रकार पिता स्व. जैतराम को अत्यंत आवश्यकता होने पर 22 अक्टूबर 2020 को 2 लाख 65 हजार रुपए उधार दिया गया था। बैंक में अपने सभी जेवरों को गिरवी रखकर समारिन ने यह रकम देना बताया है। बिना ब्याज के दी गई इस रकम के एवज में बिसाहूराम ने अपने खाते का एक चेक समारिन को दिया था। बाद में रकम वापसी पर टाल-मटोल करता रहा। समारिन ने यह बात उषा नायडू पति असिकेन निवासी इंदिरा चौक पथर्रीपारा व अनवर खान निवासी नूरी मस्जिद को बताया। तब इन्होंने उधार की रकम वसूली का आश्वासन दिया। उषा नायडू ने खुद को महिला आयोग कोरबा का प्रभारी बताकर समारिन बाई से रकम वसूली के एवज में 20 हजार रुपए ले लिया और अनवर ने एसपी कोरबा का ड्रायवर बताकर प्रभाव में लिया। इनकी बातों में आकर बिसाहूराम द्वारा दिया हुआ चेक समारिन ने इन्हें दे दिया। अनवर खान ने खुद को पुलिस वाला बताकर बिसाहूराम से 2 लाख 65 हजार रुपए वसूल कर रकम पावती की रसीद बिसाहूराम को देकर चेक वापस कर दिया। बिसाहूराम के समक्ष इन लोगों ने रुपए थाना के माध्यम से समारिन बाई को देने का हवाला दिया। जब बिसाहूराम से समारिन ने रुपए की जानकारी ली तो उसने अनवर खान और उषा नायडू को देना बताया। अब उषा और अनवर के द्वारा रुपए समारिन को वापस न कर डराया, धमकाया जा रहा है व ब्याज में रुपए उधार देने के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। लोगों के घरों में बर्तन धो-मांजकर गुजारा करने वाली समारिन ने उषा व अनवर से रुपए वापस दिलाने अजाक थाना सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 31 दिसंबर 2020 को लिखित शिकायत की है किंतु निराकरण आज तक नहीं हो सका है। पीडि़ता का आरोप है कि मामला लेन-देन का होना बताकर रफा-दफा किया जा रहा है जबकि बिसाहूराम ने पुलिस के समक्ष रुपए उषा और अनवर को देना कबूल किया है। पुलिस ने अब तक उषा, अनवर और बिसाहू को एक साथ सामने लाकर पूछताछ नहीं की है।
0 लेन-देन का मामला है : टीआई
आदिम जाति कल्याण थाना के टीआई आरएल मरावी ने इस मामले में बताया कि यह लेन-देन का मामला है। बिलासपुर वाले बिसाहूराम के द्वारा उषा नायडू और अनवर खान को रुपए देना बताया गया है किंतु इसका कोई दस्तावेज पेश नहीं हुआ है। मामले में विवेचना की जा रही है।

Advertisement Carousel