कोरबा-बालकोनगर(खटपट न्यूज़)। बालको थाना परिसर में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार मिश्रा की अभिनव पहल पर छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेल्फेयर यूनियन जिला इकाई के सहयोग से रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में प्रमुख रूप से एएसपी कीर्तन राठौर, कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, डीएसपी मुख्यालय रामगोपाल करियारे, पूर्व महापौर जोगेश लाम्बा, क्षेत्रीय पार्षद व नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल, रेणुका डायग्नोस्टिक के संचालक पैथोलॉजिस्ट डॉ. अजय शेष उपस्थित रहे। रक्तदान का शुभारंभ थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने अपना रक्त दान कर किया। इसके पश्चात बालको थाना के पुलिस कर्मियों के अलावा छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने रक्तदान किया।

थाना प्रभारी श्री मिश्रा ने बताया कि कुल 100 यूनिट रक्तदान करने का लक्ष्य रखा गया था जो लगभग पूर्ण हुआ। बिलासा ब्लड बैंक के कर्मियों ने इस रक्तदान में सहयोग किया। हमने निर्णय लिया है कि 15 यूनिट ब्लड जरूरतमंद निर्धन परिवार के लोगों के लिए ब्लड बैंक में आरक्षित रखा जाएगा और बालको पुलिस अथवा छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेल्फेयर यूनियन के पदाधिकारी की अनुशंसा पर गरीब को नि:शुल्क प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनेक गरीब परिवार के लोगों के लिए ऐन वक्त पर ब्लड की व्यवस्था हो पाती है और यदि होती भी है तो उसके लिए वे आवश्यक राशि भुगतान कर पाने में भी सक्षम नहीं होते। ऐसे में रक्तदान का औचित्य और उद्देश्य भी पूरा नहीं हो पाता इसलिए हमने बिलासा ब्लड बैंक से तय किया है कि 15 यूनिट रक्त को ऐसे बेसहारा वर्ग के लिए आरक्षित रखा जाएगा।

इस अवसर पर समस्त रक्त दाताओं को प्रशस्ति पत्र भी भेंट किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेल्फेयर यूनियन के प्रदेश सहसचिव नीलम पड़वार, जिलाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), महासचिव समीर कुमार गुप्ता, कुश शर्मा, दीपक गुप्ता, बालको ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष संजीव शर्मा व बालको क्षेत्र के पार्षदगण व गणमान्य लोग आदि भी उपस्थित थे व आयोजन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया।















