0 मरवाही से आकर बुधवारी बाजार मेें सब्जी वाली के पास खपा रहे थे
कोरबा(खटपट न्यूज़)। शहर के बुधवारी बाजार में नकली नोट को महिला सब्जी विक्रेता के पास एक बार चलाकर दुबारा दूसरा नोट चलाने के प्रयास में व्यक्ति पकड़ा गया। चना-मुर्रा विक्रेता की सजगता ने जाली नोट को पकड़ा फिर पूछताछ के बाद नगर कोतवाल की त्वरित कार्यवाही में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर नकली नोट छापने में प्रयुक्त प्रिंटर जब्त किया गया।

जानकारी के मुताबिक 31 दिसंबर 2020 की शाम करीब 7 बजे सीएसईबी चौकी क्षेत्रांतर्गत बुधवारी बाजार में एक व्यक्ति के द्वारा सब्जी विक्रेता बुधवारा बाई को 100 रुपए का नकली नोट दिया गया। 20 रुपए का सेमी लेकर 100 रुपए में से 80 रुपए वापस लेने के कुछ देर बाद वही व्यक्ति पुन: 100 का नोट लेकर एक किलो भाटा खरीदने पहुंचा। 100 रुपए का चिल्हर कराने बुधवारा बगल के चना-मुर्रा विक्रेता लखन यादव के पास पहुंची तब उसने नकली नोट को पहचान लिया। उक्त व्यक्ति को व्यापारियों ने पकड़ लिया जबकि उसका साथी फरार हो गया। इसकी जानकारी होते ही जिला सब्जी विक्रेता कल्याण समिति के सचिव विनोद सिन्हा भी वहां पहुंचे व सीएसईबी पुलिस को सूचना दी। बाजार पहुंचे सहायक उपनिरीक्षक भागीरथी चौधरी ने नकली नोट खपाने का प्रयास कर रहे रमेशरा अमलेश पिता मनोहर सिंह भैना निवासी ग्राम रटगा थाना मरवाही से चौकी लाकर पूछताछ की। उसने अपने साथी राय बहादुर पिता मथुरा प्रसाद भैना व गुलाब अहिरेश पिता अतलाल भैना निवासी ग्राम रटगा के साथ मोटरसाइकिल से नकली नोट लेकर बुधवारी बाजार में आकर अलग-अलग दुकानों में जाकर चलाने का प्रयास करना बताया। रमेशरा की निशानदेही पर उसके मोटरसाइकिल की डिक्की से 200 व 500 रुपए मूल्य वर्ग का नकली नोट बरामद किया गया।

अन्य आरोपी रायबहादुर व गुलाब अहिरेश को पकड़ने के लिए सघन चेकिंग के दौरान गुलाब पिता अतलाल आहिरेश पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने राय बहादुर के द्वारा घर में नकली नोट छापने के लिए रंगीन प्रिंटर रखना बताया। उसी प्रिंटर से वह नकली नोट छाप कर इन्हें देता है फिर तीनों आसपास के बाजारों में जाकर समान खरीददारी कर दुकानदार को नकली नोट पकड़ा देते हैं। गुलाब अहिरेश की निशानदेही पर ग्राम रटगा जाकर राय बहादुर के घर से रंगीन प्रिंटर जप्त किया गया है। आरोपी राय बहादुर फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। रमेशरा अमलेश के कब्जे से 8200 व गुलाब अहिरेश के कब्जे से 9300 कुल 17500 रुपए नकली नोट, एक रंगीन प्रिंटर तथा एक नग मोटर साईकल जप्त किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 489(क), 489(ख) एवं 489(ग) भादवि के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। उपरोक्त कार्यवाही में कोतवाली टीआई दुर्गेश शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक भागीरथी चौधरी, आरक्षक देव नारायण कुर्रे, गंगाराम डंडे, विनोद रात्रे, श्याम एक्का एवं अर्जुन कंवर का योगदान रहा।















