Thursday, March 26, 2026
Home रायपुर महापौर ढ़ेबर के कार्यकाल का एक साल…

महापौर ढ़ेबर के कार्यकाल का एक साल…

रायपुर। महापौर एजाज ढे़बर के कार्यकाल को एक साल पूरा हो गया है। इस एक साल के भीतर महापौर ने राजधानी की जनता से किए कितने वायदों पर अमल किया, भावी रणनीति क्या होगी, इन तमाम बातों पर समीक्षा के साथ एमआईसी की बैठक में अन्य विषयों पर समीक्षा की जाएगी। नगर निगम की मेयर इन काउंसिल की बैठक आज नगर निगम मुख्यालय में आयोजित की गई है। बैठक दोपहर 1 बजे शुरू होगी। एमआईसी बैठक में लगभग 25 एजेंडे चर्चा के लिए रखे जाएंगे, जिनमें निगम संपत्ति वसूली का ठेका निजी हाथों को देने की तैयारी के संबंध में भी प्रस्ताव लाया जाएगा।

इसके साथ ही सभी जोनों में मच्छरों की समस्या से निजात देने के लिए 11 चेंज माउंटेन व्हीकल खरीदने का प्रस्ताव भी लाया जाएगा। साथ ही नगर निगम के कुछ कर्मचारियों के पद परिवर्तन के प्रस्ताव भी एमआईसी में है।

रायपुर नगर निगम में राजस्व की वसूली में तेजी लाने के लिए अब निजी एजेंसी को काम सौंपा जाएगा। आज एमआईसी की बैठक में निजी एजेंसी प्रेजेंटेशन देगी। टैक्स वसूली का काम नगर निगम के 110 अधिकारी, कर्मचारी के हाथों में है। एक राजस्व अधिकारी, 10 सहायक राजस्व अधिकारी, 10 राजस्व निरीक्षक, 24 राजस्व उपनिरीक्षक और इसके बाद 80 मोहर्रिर राजस्व वसूली का काम करते हैं।

रायपुर नगर निगम का सालाना राजस्व 115 करोड़ रुपए तक पहुंच रहा है जबकि इस काम में जुटे समस्त आमले पर निगम सालाना 4 करोड़ 50 लाख रुपए की तनख्वाह बांट रहा है। इसके पूर्व साल 2016-17 में भी निजी एजेंसी को टैक्स की वसूली सौंपने की जिम्मेदारी पर काफी हंगामा हुआ था।

Advertisement Carousel