कोरबा-दर्री(खटपट न्यूज़)। दर्री क्षेत्र के जमनीपाली मेन रोड में स्थापित आईडीबीआई बैंक का एटीएम शाम के बाद अंधेरे में डूब जाता है। आने वाले उपभोक्ताओं को अपने मोबाइल या टार्च की रौशनी के सहारे रुपए निकालना पड़ता है वरना अंधेरे में की-बोर्ड के बटन नजर नहीं आते और गड़बड़ी की आशंका बनी रहती है।

बैंक प्रबंधन व संबंधित के द्वारा मेन्टेनेंस के अभाव में यह समस्या पिछले 20 दिनों से अधिक समय से बनी हुई है। इस संबंध में 20 दिन पहले एटीएम में गए इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलाजी के विभागाध्यक्ष प्रो. केसी सुनहरे जब समस्या से रूबरू हुए तो उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।

20 नवम्बर 2020 व पुनः 9 दिसम्बर को की गई ऑनलाइन शिकायत पर भी कोई समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि इस एटीएम का एसी भी लंबे समय से बंद है। गंदगी और कचरा भी यहां बिखरा रहता है जिसकी भी शिकायत की गई है। एटीएम में अंधेरा होने के संबंध में की गई ऑनलाइन शिकायत पर आज तक कोई प्रतिक्रिया अथवा सुधार नहीं हुआ है जो उपभोक्ता सेवाओं में कमी कहा जा सकता है।

















