कोरबा-बालकोनगर (खटपट न्यूज)। काम के सिलसिले में बढ़ी जान-पहचान और घर आने-जाने के दरम्यान बढ़े मेल-जोल का फायदा उठाकर बना लिए गए आपत्तिजनक वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक संबंध बनाया गया। पीड़िता ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई तो आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया।

मामला बालको थाना क्षेत्र का है जहां के रहने वाले एक शख्स का इस मामले के आरोपी विनोद कुमार साहू उर्फ गोलू 21 वर्ष के साथ दोस्ताना था। एक साथ कामकाज करने के कारण आरोपी का पीड़िता के घर आना-जाना लगा रहता था। इस आने-जाने के चक्कर में विनोद पर भरोसा बढ़ गया और इसका लाभ उठाकर इतर संबंध बन गए। इस बात को लेकर करीब 2 साल पहले विनोद और उसके मित्र के मध्य मारपीट की घटना हुई जिसकी एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद विनोद दुर्ग जाकर रहने लगा। इधर मित्र की पत्नी ने बालको थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 साल पहले विनोद ने नहाते वक्त उसका चोरी-छिपे वीडियो बना लिया था और मौका देखकर वीडियो दिखाया व इंटरनेट में अपलोड कर सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते हुए कई बार दुष्कर्म को अंजाम दिया। आरोपी के विरूद्ध धारा 376 भादवि का अपराध दर्ज कर पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में बालको थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने थाना स्टाफ व साइबर टीम की मदद से आरोपी को दुर्ग जाकर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी द्वारा गुनाह कबूल करने व अपराध घटित होना पाए जाने पर उसे न्यायालय में पेश करते हुए जेल दाखिल कराने की जानकारी डीएसपी मुख्यालय रामगोपाल करियारे ने दी है।















