ऑर्गेनिक खाद की डीलरशिप देने का झांसा देकर ठगे 5 लाख, उत्तरप्रदेश के 3 आरोपी पकड़ाए…

बिलासपुर (खटपट न्यूज़)। किसान इंडिया बायोटेक कंपनी के नाम किसानों से ठगी के मामले पुलिस ने उत्तरप्रदेश निवासी 3 लोगों को दबोचा है। इनके कब्जे से ठगी में उपयोग लाई गई बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल, रसायनिक खाद व 2.50 लाख रुपए नगद सहित कागजात बरामद कर जप्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह गिरोह आसपास के इलाकों में किसानों से ठगी करता था। आरोपियों ने गांधी नगर निवासी प्रतिमा मिश्रा को ऑर्गेनिक खाद की डीलरशिप देने का झांसा देकर 5 लाख रूपये ठग लिए। इसके बाद प्रतिमा ने उनसे सम्पर्क करने की कोशिश की लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने सिविल लाइन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले की पड़ताल शुरू की।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान किसान इंडिया बायोटेक के नाम पर बंधन बैंक, शाखा बिलासपुर में खोले गए खाते से जानकारी एकत्र की गई। इससे पता चला कि दिसंबर 2019 से जनवरी 2020 तक खाते से करीब 1करोड़ 76 लाख 41 हजार 744 रुपए का अदान-प्रदान किया गया। एक खाता सागर में भी कोटक महिंद्रा बैंक की शाखा में खोल 40 लाख रुपए से ज्यादा की रकम निकाली गई। यह खाते एक आधार नंबर पर अलग-अलग नाम से खोले गए थे।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी उत्तर प्रदेश के शहरों के रहने वाले हैं। इस बीच राजनांदगांव में ग्लोबल एग्री बायोटेक के नाम से कुछ लोगों के प्रचार-प्रसार करने की सूचना मिली। पुलिस ने यहां दबिश देकर उत्तरप्रदेश के देवरिया निवासी शक्ति सिंह उर्फ सतीश सिंह, बलरामपुर निवासी प्रदीप शर्मा उर्फ सौरभ सिंह और गोरखपुर निवासी कृष्ण मोहन पांडेय को गिरफ्तार किया है।

Advertisement Carousel