आनलाईन क्लास बंद करना प्रशासन को खुली चुनौती, संवैधानिक अधिकार से वंचित न करें बच्चों को : नूतन

कोरबा(खटपट न्यूज़)। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन द्वारा फीस जमा न करने पर छात्रों को ऑनलाइन क्लास से वंचित कर दिए जाने के निर्णय की कोरबा पैरेंट्स एसोसिएशन ने निंदा की है। अध्यक्ष नूतन सिंह ठाकुर ने जारी बयान में कहा है कि प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने जिला प्रशासन की छाती पर चढकर स्कूली बच्चों को 7 दिसंबर से आनलाइन क्लास से निकालने का जो निर्णय लिया है कोरबा पैरेंट्स एसोसिएशन इसकी घोर निन्दा करता है। जिला शिक्षा अधिकारी निजी स्कूलों के संरक्षक के रूप में कार्य कर रहे हैं जिसका परिणाम है कि कोरबा में बच्चों को शिक्षा से वंचित करने खुलेआम धमकी दिया जा रहा है। कलेक्टर से मांग की गई है कि जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल हटाया जाए और प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन पर वैधानिक कार्रवाई किया जाए। इस गंभीर मुद्दे पर संज्ञान नहीं लेने पर सभी स्कूलों के पालक जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने मजबूर होंगे।

नूतन सिंह ने कहा है कि शिक्षा संवैधानिक अधिकार है, सरकार कानूनी रूप से बच्चों को शिक्षा प्रदान करने बाध्य है। हाईकोर्ट के निर्णय में आनलाइन क्लास से निकालने का कहीं निर्देश नहीं है, बल्कि स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि आनलाईन क्लास के लिए बच्चों को सुविधाएं प्रदान करें। यदि आर्थिक कारणों से पालक फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं तो स्कूल प्रबंधन उचित फोरम में अपील करें। स्कूल से निकालने का निर्णय पूर्णतः अवैधानिक है। नए अधिनियम के अनुसार फीस निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है ऐसे में फीस मांगना ही गलत है।
निजी स्कूल एसोसिएशन ने असंवैधानिक कार्य करने के लिए प्रशासन को खुली चुनौती दिया है। यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं किया तो कोरबा पैरेंट्स एसोसिएशन प्रशासन को जगाने के लिए जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगा।

Advertisement Carousel