Sunday, March 22, 2026
Home कोरबा 7 आरोपी थे शहर में ! एटीएम टेम्परिंग कर निकल लिए पर...

7 आरोपी थे शहर में ! एटीएम टेम्परिंग कर निकल लिए पर नहीं मिला सुराग


0 कटघोरा में भी टेम्परिंग कर 10 हजार की हुई चोरी
कोरबा(खटपट न्यूज़)। गश्त मुकम्मल चैक मुसाफिर, अगर सिपाही करते हैं-जुर्मकार भूखों मरते हैं, जुर्म नहीं कर सकते हैं….। पुलिस के लिए यह लाइनें बहुत खास मायने रखती हैं। गश्त तो ले- दे कर हो ही जाती है पर मुसाफिरी चेक करना तो बीते दिनों की बात हो गयी है। शायद इसी का फायदा यहाँ सुरक्षित ठहर कर वारदात करने वाले उठा लेते हैं। शहर में पिछले दिनों नए तरह की चोरी का खुलासा हुआ जिसमें एटीएम मशीन के शटर की टेम्परिंग कर रुपए निकालने की वारदात हुई। कटघोरा में भी यह उसी दिन 10 अगस्त को हुआ। एक गिरोह के दो सदस्य वहां टेम्परिंग किये तो कुछ घण्टे बाद दूसरे 2 सदस्य अप्पू गार्डन चौक के एटीएम में वारदात किए।

इसी दिन कोरबा शहर में एसबीआई के बंटी स्टोर्स के सामने के एटीएम में दो अन्य लोग घुसे व तीसरा बाहर निगरानी में रहा। बाद में इन तीनों को बिलासपुर में साइबर सेल पुलिस ने दबोचा। सूत्र बताते हैं कि जो पकड़े गए और जो तस्वीरें सामने आईं, वो अंतर बताती हैं। इस तरह से 10 अगस्त को 7 लोग कोरबा शहर, अप्पू गार्डन और कटघोरा में वारदात को अंजाम दिए लेकिन कोरबा पुलिस के हाथ फिलहाल खाली हैं।
कटघोरा थाना क्षेत्रांतर्गत 10 अगस्त को शाम 4.45 से 5 बजे के मध्य महज 15 मिनट के भीतर अज्ञात लोगों ने 10 हजार रुपए की चोरी कर ली। इस घटना की भी रिपोर्ट चंद्रशेखर क्षीरसागर पिता ढालूराम क्षीरसागर 34 वर्ष निवासी किरणापुर जिला बालाघाट मध्यप्रदेश हाल पता – जांजगीर बीटीआई चौक वार्ड 18 ने थाना में 16 अगस्त को दर्ज कराया। उसके मुताबिक कटघोरा के पुरानी बस्ती दुर्गा मंदिर के पास स्थित एसबीआई के एटीएम में शटर टेम्परिंग कर अज्ञात व्यक्ति के द्वारा 10 हजार रुपए नगद निकाला गया। इसकी जानकारी होने पर चंद्रशेखर ने एटीएम में नगदी का सत्यापन किया जिसमें 10 हजार रुपए कम मिले। एटीएम से फुटेज प्राप्त की गई है जिसमें 2 युवक मुंह पर मास्क लगाए हुए नजर आ रहे हैं जो अप्पू गार्डन वाले मामले से अलग हैं। अप्पू गार्डन के पास एसबीआई के एटीएम में भी शटर की टेम्परिंग कर 10 अगस्त को ही शाम 7 से 8 बजे के बीच 40 हजार रुपए चोरी किया गया।
एटीएम मशीन में शटर की टेम्परिंग के कारण एटीएम का उपयोग करने वाले खाताधारक के खाता से नगदी नहीं निकलती और एटीएम मशीन से नगदी निकल जाती है।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel