Saturday, June 20, 2026
Home कोरबा 500 मीटर लंबे तिरंगा के साथ निकली राष्ट्रध्वज गौरव यात्रा,बारिश में भी...

500 मीटर लंबे तिरंगा के साथ निकली राष्ट्रध्वज गौरव यात्रा,बारिश में भी देखते बना लोगों का उत्साह

0 जेसीआई सेंट्रल का सबके सहयोग से सफल आयोजन


कोरबा(खटपट न्यूज़)। समाजसेवी संस्था जेसीआई कोरबा सेंट्रल जोन-9 के द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर 500 मीटर तिरंगे के साथ भव्य राष्ट्रध्वज गौरव यात्रा रविवार को निकाली गई। तेज बारिश भी इनके उत्साह को कम नहीं कर सकी। दोपहर बाद सप्तदेव मंदिर सीतामणी से प्रारंभ गौरव यात्रा पुराना बस स्टैंड, अग्रसेन चौक, पावर हाऊस रोड होते हुए टीपी नगर चौक पहुंची और यहां यात्रा संपन्न हुई। राष्ट्रध्वज गौरव यात्रा का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह के द्वारा किया गया। इसमें समाज सेवी संस्थाओं के साथ-साथ नगर के गणमान्यजनों, विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों के विद्यार्थियों आदि ने सहभागिता निभाई। देशभक्ति गीतों और बैण्डबाजे के साथ निकली गौरव यात्रा नगरजनों के लिए आकर्षण का केंद्र रही व देशभक्ति की भावना का लोगों में संचार हुआ। यात्रा के दौरान तेज बारिश भी हुई लेकिन शामिल लोगों ने तिरंगा लहराते हुए नाचकर-झूमकर अपने उत्साह को व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में जेसीआई सेंट्रल के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, सचिव प्रियम अग्रवाल, उपाध्यक्ष हर्ष गुप्ता, डायरेक्टर हेमंत अग्रवाल, जेसी लीजेंड अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल, जेसीरेट विंग अध्यक्षा मुक्ता अग्रवाल, जूनियर जेसी विंग अध्यक्ष सूरज अग्रवाल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर सन्नी मित्तल, अंकित टमकोरिया सहित विभिन्न समाजसेवियों का सहयोग रहा।
0 सफाई कर्मी का पार्षद ने किया सम्मान  

राष्ट्रध्वज गौरव यात्रा में शामिल लोगों के लिए जगह-जगह चॉकलेट, पानी पाऊच आदि का वितरण किया जा रहा था। वितरण के दौरान फैलने वाले कचरे की सफाई में स्वच्छता कर्मी धर्मेंद्र द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई जिन्हें वार्ड-11 के पार्षद दिनेश सोनी ने सम्मानित किया। इस दौरान उनके साथ फारुख मेमन भी उपस्थित रहे। पार्षद दिनेश सोनी के इस संवेदनशील कार्य की उपस्थित लोगों ने भरपूर सराहना भी की।

Advertisement Carousel