4 राज्यों से घूमकर ससुराल लौटा था 2 साल से फरार आरोपी, सिविल ड्रेस में पहुंची पुलिस ने दबोचा

कोरबा (खटपट न्यूज)। अपराध को अंजाम देकर कोरबा जिले से फरार आरोपी 4 राज्यों में जगह बदल-बदल कर रह रहा था। उसे गिरफ्तार करने के लिए 2 साल से कोशिश कर रही पुलिस को आखिरकार सफलता तब मिली जब वह घूम फिरकर अपने ससुराल पहुंचा। पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया है।

 करतला थाना क्षेत्र के ग्राम कोलगा निवासी संतोष राठिया पिता रामधन राठिया 28 वर्ष की बकरी गांव के ही श्यामसुंदर यादव का लक्ष्मी शंकर के घर के आंगन की ओर अक्सर चले जाया करती थी। बाड़ी में लगे साग-सब्जी व पौधा को भी वह चर लिया करती थी। इससे नाराज श्यामसुंदर ने 8 अक्टूबर 2018 को संतोष की मां श्याम बाई राठिया के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर डंडे से मारपीट किया। श्याम बाई बेसुध होकर गिर पड़ी तो उसे मृत जानकर आरोपी फरार हो गया। श्याम बाई को करतला पीएचसी में भर्ती कराया गया। प्रकरण में संतोष राठिया की रिपोर्ट पर श्याम सुंदर के विरुद्ध धारा 294, 323, 506 बी भादवि तथा एक्ट्रोसिटी एक्ट की धारा 3 (2) (5 क) के तहत जुर्म दर्ज कर अजाक थाना के द्वारा विवेचना शुरू की गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके गृहग्राम  कोलगा में लगातार दबिश दी जाती रही। डीएसपी मुख्यालय रामगोपाल करियारे ने बताया कि आरोपी पुलिस को चकमा देकर जम्मू-कश्मीर, उत्तरप्रदेश, बिहार, पंजाब राज्य में जगह बदल-बदल कर रहा था। लॉकडाउन होने से काम नहीं मिलने के कारण वह वापस लौटा लेकिन गृहग्राम कोलगा लालमाटी पारा न जाकर लुक-छिप कर रह रहा था। मुखबिर से ज्ञात हुआ कि वह अपने ससुराल ग्राम चचिया के बाजार पारा आया हुआ है। करतला व अजाक थाना की पुलिस ने घेराबंदी कर श्यामसुंदर को धर दबोचा। आरोपी ने श्याम बाई की मौत हो जाने की शंका के कारण लुक-छिप कर रहना बताया। उसकी गिरफ्तारी में करतला टीआई केएन तिवारी, एएसआई अशोक खांडेकर, अजाक थाना से सुधाकर कुर्रे, ईश्वर प्रताप व राजेंद्र यादव का सहयोग रहा। 

Advertisement Carousel