Sunday, March 22, 2026
Home छत्तीसगढ़ 3 युवकों के ऊपर से गुजर गया ट्रक और ट्रेक्टर, एक वाहन...

3 युवकों के ऊपर से गुजर गया ट्रक और ट्रेक्टर, एक वाहन में लगाई आग

जांजगीर-चांपा(खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में मंगलवार रात सड़क हादसों में 3 युवकों की मौत हो गई। चांपा क्षेत्र में ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी जिसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। हादसे से गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी और शव को सड़क पर रख चक्काजाम कर दिया। अन्य घटना में शिवरीनारायण क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचल दिया। एक साथी युवक भी घायल है।

ट्रेक्टर में आग लगाई

जानकारी के मुताबिक ग्राम नगरदा के सुन्दरेली का निवासी रोशन कंवर पिता स्व. घुरउ कंवर 25 वर्ष मंगलवार रात बाइक पर अपने एक दोस्त के साथ कहीं जाने के लिए निकला था। वे ग्राम पोड़ी व सुन्दरेली के बीच पहुंचे थे कि एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। बाइक सवार दोनों युवक गिर पड़े और ट्रैक्टर ने रोशन को कुचल दिया वहीं दूसरा युवक घायल है जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। इससे आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी। हादसे की जानकारी पर परिजन घटनास्थल पहुंच गए थे। शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीब ढाई घंटे तक हंगामा चलता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ ही तहसीलदार, चांपा एसडीएम आरपी आंचला मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों को 25 हजार की तात्कालिक सहायता दी गई। मृतक युवक अपने परिवार का इकलौता बेटा और मां का सहारा था।

अन्य घटना में शिवरीनारायण में ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत देवरी मोड़ पर ही गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचल दिया। हादसा रात करीब 8.45 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीनों युवक निवासी ग्राम देवरी उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसके बाद ट्रक ने दो युवकों को कुचल दिया, जबकि तीसरा दूर गिरने के कारण बच गया। हादसे के बाद ट्रक चालक भाग निकला। मृतक युवकों में सागर यादव 19 वर्ष और रितेश खूंटे 18 वर्ष शामिल हैं। परमनाथ साहू 18 वर्ष घायल‎ है।

Advertisement Carousel