
कोरबा-बरपाली, (खटपट न्यूज)। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरपाली मुख्य मार्ग में आज सुबह हुए सड़क हादसे में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। उसके 3 अन्य परिजन चोटिल हैं जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोरबा-चांपा मार्ग पर आज सुबह करीब 8 बजे हुए हादसे में तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को ठोकर मारते हुए एक मोपेड सवार को मौत के घाट उतार दिया। कार को लोग पकड़ पाते इससे पहले ही वह भाग निकला लेकिन तेज रफ्तार बेकाबू कार थोड़ी दूर जाकर आंचल चॉइस सेंटर की दीवार को तोड़ते हुए थम गई। चालक कार को छोड़ भगा। हादसे में बाइक सवार 80 वर्षीय वीर सिंह बंजारे की मौत हो गई वहीं उसकी बहूं सोन कुमारी, नाती प्रहलाद और एक अन्य रेलवे कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए है। उरगा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े ने बताया कि मृतक वीर सिंह जांजगीर जिले के बलौदा के निकट गांव का रहने वाला था। शादी समारोह में शामिल होने के बाद गांव लौटते समय उनके साथ हादसा हो गया पुलिस ने दुर्घटना कारित कार क्रमांक सीजी 12 एडब्ल्यू 9501 को जप्त कर लिया है। फरार कार चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

बता दें कि सुबह घटना के ठीक बाद स्थानीय लोगों से अपुष्ट तौर पर ज्ञात हुआ था कि बैंक से पैसा निकालने आए चार ग्रामीणों को एक कार ने ठोकर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि ठोकर मारने के बाद आंचल चॉइस सेंटर में जा घुसी।















