Friday, March 27, 2026
Home कोरबा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी गोकुलनगर के मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ की...

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी गोकुलनगर के मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ की हुई प्राण-प्रतिष्ठा

पुरी ओड़िसा से आए पुजारियों ने विधि-विधान से किया पूजन
भव्य कलश यात्रा के साथ समारोह का हुआ शुभारंभ

कोरबा (खटपट न्यूज)। नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 31 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी गोकुल नगर स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 10 मई को भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भ्राता बलभद्र और भगिनी सुभद्रा की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी की मूर्ति को ओड़िसा से लाया गया है।

ओड़िसा पुरी से आए पुजारी संजय नंद शर्मा के सानिध्य में विधि- विधान के साथ पूजा संपन्न कराई गई। इसके एक दिन पूर्व 9 मई को मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकली गई जिसमें कॉलोनी की महिलाएं व युवतियां शामिल हुई। सभी पूजन कार्यक्रम बालेश्वर पुरी ओड़िसा से आए पुजारी संजय नंद शर्मा, सुधांशु शेखर नंदा, मुकेश कुमार पाठक व वृंदावन से आए भागवत कथा प्रवक्ता आशुतोष कृष्णा ने सम्पन्न कराया। पूजन के बाद भोग प्रसाद का वितरण किया गया। कालोनी के सभी सदस्यों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। आयोजन में हाउसिंग बोर्ड कालोनी के लोगों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई।

इसके पूर्व हनुमान जयंती के दिन 23 अप्रैल को मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में हनुमान जी की मूर्ति की भी प्राण-प्रतिष्ठा पूरे विधि-विधान से कराई गई। इस दौरान सभी कालोनी वासियों ने अपनी भागीदारी निभाई।

मंत्री लखन लाल देवांगन हुए शामिल

मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रदेश के श्रम एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन जी भी शामिल हुए। उन्होंने आयोजन की सराहना की। इस दौरान बड़ी संख्या में कालोनीवासी उपस्थित थे।

Advertisement Carousel