
कोरबा (खटपट न्यूज)। कोरोना संक्रमित मरीज के स्वस्थ होने के बाद दुबारा संक्रमित होने का दूसरा मामला कोरबा जिले में सामने आया है। हरदीबाजार के नायब तहसीलदार एक बार ठीक होने के बाद पुन: संक्रमित हुए हैं। गौरतलब है कि नायब तहसीलदार के द्वारा अपना कोरोना टेस्ट कराया गया था जिसमें 28 अगस्त को उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई थी। उन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती कर ईलाज किया गया। 10 दिन तक उपचार के बाद डिस्चार्ज किए गए नायब तहसीलदार 14 दिन होम क्वारेंटाइन पर रहे। पूरी तरह स्वस्थ महसूस करने के बाद वे कामकाज के सिलसिले में तहसील कार्यालय आने लगे थे। 4-5 दिनों सेे उनकी तबियत कुछ ठीक नहीं होने पर व कोरोना का लक्षण आने के कारण पुन: टेस्ट कराया जिसमें रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इस तरह नायब तहसीलदार एक बार ठीक होने के बाद दोबारा संक्रमित हुए हैं। कोरबा जिले में कोरोना से ठीक हुए किसी मरीज के दुबारा संक्रमित होने का यह दूसरा मामला है। नायब तहसीलदार को पुन: उपचार के लिए कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले एसईसीएल सीडब्ल्यूएस कोरबा के कर्मचारी जेपी कालोनी निवासी एक माह पूर्व कोरोना संक्रमित होने के बाद उपचार करा घर लौट आए थे। अभी एक सप्ताह पूर्व उनमें कोरोना के लक्षण दुबारा सामने आए और टेस्ट कराने पर पुन: कोरोना पॉजीटिव रिपोर्ट आई। वे घर पर ही अइसोलेशन पर रहकर उपचार करा रहे हैं।













