Monday, March 23, 2026
Home कोरबा हड़ताली रंग में रंगी तीजा की मेहंदी….मायके न ससुराल में,तीजा मना रहे...

हड़ताली रंग में रंगी तीजा की मेहंदी….मायके न ससुराल में,तीजा मना रहे पंडाल में

कोरबा(खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के द्वारा की जा रही हड़ताल आज 9 वें दिन भी जारी है। मंगलवार और बुधवार की हड़ताल को तीजा के रंग में रंग दिया गया है। तीजा और हड़ताल दोनों एक- दूसरे के रंग में रंगे हुए हैं। हड़ताली महिलाओं के द्वारा इस बार ना मायके में न ससुराल में तीजा मनाया जा रहा है पंडाल में…।

नए तरह से त्योहार को मनाने के लिए जहां महिला अधिकारी कर्मचारियों में एक अलग सा उत्साह है वही फेडरेशन की हड़ताल में शामिल लोग भी उन्हें सहयोग प्रदान कर रहे हैं। कुछ महिलाओं ने अपने हाथ में मेहंदी लगवाई है तो वह भी फुल अथवा डिजाइनों की नहीं बल्कि अपनी मांग को मेहंदी के रंग में रंग दिया है। यह तस्वीर काफी वायरल हो रही है। इन महिलाओं ने बताया कि वे पूजा उपवास रखकर पति की लंबी उम्र, स्वस्थ जीवन की कामना करने के साथ-साथ सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए भी कामना कर रहे हैं।

बता दें कि 1 दिन पहले हड़तालियों ने रैली निकालकर मानव श्रृंखला बनाया और आज पंडाल में तीजा मनाया जा रहा है। तरह-तरह से प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकृष्ट करने की कोशिशों में अधिकारी- कर्मचारी लगे हुए हैं। भाजपा के नेताओं ने भी पंडाल में पहुंचकर अपना समर्थन देना जारी रखा है।

Advertisement Carousel