Friday, March 27, 2026
Home छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव, गए आइसोलेशन में

स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव, गए आइसोलेशन में

रायपुर(खटपट न्यूज़)। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। सर्दी-खांसी की शिकायत के बाद सिंहदेव ने एहतियातन सरगुजा के अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए। वे रविवार दोपहर बाद रायपुर लौट आए। यहां उनकी कोरोना की एंटीजन रिपोर्ट निगेटिव आई। लेकिन RTPCR जांच की देर रात मिली रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने इसकी जानकारी देते हुए बताया, कोरोना के लक्षण दिखने के बाद उन्होंने रायपुर में जांच कराई। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी तबीयत ठीक है। चिकित्सकों के निर्देशानुसार होम आइसोलेशन में रहकर उपचार करा रहे हैं। सिंहदेव ने आग्रह किया है कि पिछले दिनों में जो भी लोग उनके संपर्क में आए हैं वे अपनी कोरोना जांच करवा लें। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पिछले तीन दिनों से सरगुजा दौरे पर थे। वहां उन्होंने स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। स्थानीय नेताओं और समर्थकों से मुलाकात की। वहीं एक जनवरी को उन्होंने स्कूल शिक्षा और आदिम जाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह के साथ शिक्षण से जुड़ी दो योजनाओं की शुरुआत की। इस बीच उनकी तबीयत कुछ खराब हुई। सर्दी-खांसी होने के बाद सिंहदेव ने एहतियातन अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए। शुरुआती जांच के बाद सिंहदेव शाम 4 बजे तक रायपुर लौट आए। बताया गया, उनकी कोरोना जांच की एंटीजन रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव एक बार कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। मार्च 2021 में सिंहदेव कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इस दौरान होम आइसोलशन में उनका इलाज चला था।

Advertisement Carousel