Monday, March 23, 2026
Home कोरबा स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की वर्चुअल कार्यशाला में शामिल हुए महापौर व आयुक्त

स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की वर्चुअल कार्यशाला में शामिल हुए महापौर व आयुक्त

कोरबा। विगत वर्षों की भांति वर्ष 2021 में भी देश के शहरों में स्वच्छ सर्वेक्षण का कार्य भारत सरकार के द्वारा कराया जाना है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के संदर्भ में मंगलवार को राजधानी दिल्ली में वर्चुअल कार्यशाला आयोजित की गई। नगर पालिक निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित बी.सी. कक्ष में महापौर राजकिशोर प्रसाद एवं आयुक्त एस.जयवर्धन वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से उक्त वर्चुअल कार्यशाला में शामिल हुए। तीन घंटे से अधिक समय तक चली उक्त वर्चुअल कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के संदर्भ में की जाने वाली तैयारियों तथा सर्वेक्षण के विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में अपशिष्ट के समुचित प्रबंधन, संग्रहण, पृथकीकरण, प्रसंस्करण व कचरा प्रबंधन में आमजनता की भागीदारी एवं इसके प्रति जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया जाएगा। सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों की स्वच्छता, उनका बेहतर रख रखाव व संचालन पर विशेष नजर सर्वेक्षण टीमों की रहेगी। इस मौके पर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी व्हीके सारस्वत एवं डॉ. संजय तिवारी भी उपस्थित थे।
0 ओडीएफ के बाद अब होगा वाटर प्लस
ओडीएफ के पश्चात अब कोरबा शहर वाटर प्लस सर्वेक्षण में अपनी दावेदारी करेगा तथा इसके लिए शासन द्वारा निर्धारित गाईड लाईन के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। यहां उल्लेखनीय है कि विगत वर्षो में कोरबा शहर ओडीएफ, ओडीएफ प्लस एवं ओडीएफ प्लस-प्लस का दर्जा हासिल कर चुका है। कचरा मुक्त शहरों के लिए स्टार रेटिंग का कार्य भी पुन: इस वर्ष होगा, इसके लिए भी कोरबा शहर अपनी दावेदारी करेगा।
0 महापौर ने की अपील
महापौर राजकिशोर प्रसाद ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि शासन द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के तहत अन्य शहरों के साथ-साथ कोरबा में भी स्वच्छ सर्वेक्षण कराया जाएगा, स्वच्छ सर्वेक्षण में कोरबा को सम्मानजनक स्थान मिले, इसके लिए आवश्यक है कि हम अपने शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें, घरों व दुकानों से निकले हुए कचरे को सड़क, नाली, सार्वजनिक स्थानों में न फेंके।

Advertisement Carousel