0 जन शिक्षण संस्थान कोरबा का आयोजन
कोरबा (खटपट न्यूज)। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली प्रायोजित जन शिक्षण संस्थान कोरबा द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन 16 से 31 जुलाई 2021 तक किया गया। स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान स्वच्छता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन अलग-अलग क्षेत्रों में किया जाकर अपने आस-पास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए आमजन को प्रेरित भी किया गया।

जन शिक्षण संस्थान कोरबा के इस स्वच्छता पखवाड़ा का समापन 31 जुलाई को समारोहपूर्वक कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला रोजगार अधिकारी एवं सहायक संचालक जिला कौशल विकास प्राधिकरण जेपी खाण्डे थे। अध्यक्षता सहायक परियोजना अधिकारी जिला शिक्षा विभाग एमपी सिंह ने की। जेएसएस प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि ने स्वच्छता पर आधारित आयोजन की सराहना करते हुए जेएसएस के द्वारा महिलाओं, युवतियों को विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की प्रशंसा की। कार्यक्रम अध्यक्ष एमपी सिंह ने भी जेएसएस के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में बेहतर बताया। उन्होंने बताया कि स्वच्छता हमारे जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है। स्वच्छ वातावरण से स्वस्थ मन और स्वस्थ शरीर को बल मिलता है। अतिथियों ने जेएसएस प्रशिक्षण केन्द्र का अवलोकन प्रशिक्षणार्थियों से भी चर्चा की और उनका हौसला बढ़ाया।















