0 मामला करतला थाना क्षेत्र का
कोरबा-करतला (खटपट न्यूज)। न्यायालय से जारी स्थायी वारंट की तामीली करते हुए जिस आरोपी को पुलिस की एक टीम ने हिरासत में लिया, वह खून की कमी, लो-ब्लड प्रेशर और पीलिया के रोग से ग्रसित था। वारंटी युवक को करतला थाना के लॉकअप में रखा गया जहां तबियत बिगड़ने पर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला ले जाया गया। यहां परीक्षण उपरांत चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इस खबर ने पुलिस महकमे में हड़कम्प मचा दी। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने करतला थाना और अस्पताल पहुंचकर आवश्यक जानकारी ली व निर्देश दिए।

इस संबंध में जिला पुलिस द्वारा देर शाम जारी प्रेस नोट में बताया गया कि 29 जुलाई को हंसाराम राठिया पिता सुखसिंह राठिया 30 वर्ष निवासी ग्राम एलोंग थाना श्यांग को न्यायालय के दाण्डिक प्रकरण क्रमांक 825/15, अपराध क्रमांक 62/15 धारा 295, 323, 506 भादवि पर जारी स्थायी वारंट की तामीली हेतु रात्रि लगभग 11 बजे थाना करतला लाया गया था। वारंटी ने आज सुबह न्यायालय में पेश करने से पहले अपनी तबियत खराब लगने की बात पुलिस को बताई। पुलिस स्टाफ वारंटी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला में इलाज के लिए ले गए जहां वारंटी को खून की कमी, लो ब्लड प्रेशर एवं पीलिया होने की जानकारी चिकित्सक के द्वारा दी गई। इलाज के दौरान हंसाराम राठिया की मृत्यु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हो गई। शव का पंचनामा और मर्ग जांच राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया न्यायिक दंडाधिकारी और चिकित्सकों की टीम के द्वारा कराए जाने के लिए विधि अनुरूप कारवाई की जा रही है। घटना की विस्तृत जानकारी पृथक से दी जाएगी।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















