Sunday, March 22, 2026
Home कोरबा स्कूल में चमगादड़ का डेरा,कुर्सी पर बैठे मिले शिक्षक

स्कूल में चमगादड़ का डेरा,कुर्सी पर बैठे मिले शिक्षक

0 संयुक्त संचालक नाराज, बीईओ ने थमाया शो-कॉज नोटिस
कोरबा (खटपट न्यूज)। ग्रामीण अंचल सतरेंगा के शासकीय हाईस्कूल में चमगादड़ का डेरा और साफ-सफाई का अभाव पाए जाने पर प्रभारी प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यहां कक्षा में शिक्षक कुर्सी पर बैठकर अध्ययन कराते पाए गए जिस पर शिक्षा संभाग के संयुक्त संचालक ने नाराजगी जाहिर की।
कोरबा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम सतरेंगा के शासकीय हाईस्कूल में 19 जुलाई को संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर के द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। शासन के निर्देश पर प्रदेश भर के स्कूलों में 18 से 30 जुलाई तक औचक निरीक्षण के लिए अधिकारियों को जिलावार जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित अधिकारियों के द्वारा विभिन्न 7 विषयों पर मूल्यांकन किया जाना है। इसी कड़ी में संयुक्त संचालक ने सतरेंगा के हाईस्कूल में दस्तक दी। यहां शाला में गंदगी पाई गई व साफ-सफाई का अभाव मिला। स्कूल भवन में चमगादड़ द्वारा घर बनाकर गंदगी फैलाई जा रही है जिसके लिए विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अनुराग सिंह चंदेल के द्वारा कोई समाधान नहीं किया गया और न ही इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। शासन के निर्देशानुसार क्लासरूम में शिक्षक द्वारा खड़े रहकर अघ्यापन कार्य किया जाना है लेकिन निरीक्षण के दौरान कक्षा में शिक्षकों के द्वारा कुर्सी पर बैठकर अध्यापन कराना पाया गया। शासन स्तर पर शाला ग्रांट की राशि प्रदाय किये जाने पर भी गंदगी पाए जाने से नाराजगी जाहिर की गई। इस अव्यवस्था पर प्रभारी प्राचार्य को कोरबा खंड शिक्षा अधिकारी संजय अग्रवाल के द्वारा कारण बताओ नोटिस गुरुवार को जारी किया गया। उनसे दो दिन में स्पष्टीकरण उपस्थित होकर देने के लिए कहा गया है। संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। उक्त कार्यवाही से संयुक्त संचालक एवं जिला शिक्षा अधिकारी को भी अवगत कराया गया है।

Advertisement Carousel