Friday, March 27, 2026
Home कोरबा सीबीआई के एसपी पहुंचे गेवरा खदान, इधर निरीक्षण-उधर छापा का हल्ला

सीबीआई के एसपी पहुंचे गेवरा खदान, इधर निरीक्षण-उधर छापा का हल्ला

कोरबा(खटपट न्यूज़)। गुरुवार को सीबीआई (एसीबी) हेड ऑफ ब्रांच रायपुर के एसपी आर एम खान (आईपीएस) गेवरा परियोजना खदान पहुंचे और दौरा किया। उन्होंने कोयला उत्पादन और संचालन से रुबरु होने के साथ सीबीआई की जांच-पड़ताल के संबंध में अपने अनुभव साझा किए और दूसरी ओर जिले में अफवाह फैल गई कि खदान में सीबीआई का छापा पड़ गया है।
दरअसल सीबीआई के एसपी आरएम खान औद्योगिक इकाईयों के फील्ड विजिट के क्रम में गुरुवार को एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर पहुंचे। मुख्यालय में मुख्य सतर्कता अधिकारी बी.पी. शर्मा ने श्री खान का स्वागत किया। मुख्यालय उपरांत श्री खान एसईसीएल की कोरबा जिले में संचालित मेगा परियोजना गेवरा पहुँचे और खदान का दौरा किया। गेवरा क्षेत्र में कोरबा कोलफील्ड्स के कोरबा, दीपका, गेवरा व कुसमुण्डा क्षेत्रों के महाप्रबंधकों एवं स्टॉफ आफीसर के साथ संवाद सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य सतर्कता अधिकारी बी.पी. शर्मा ने सतर्कता विभाग की भूमिका एवं जुड़े विषयों पर प्रस्तुति दी। इस दौरे में महाप्रबंधक (सतर्कता) प्रकाश चंद्रा भी उपस्थित रहे।

0 भारतीय पुलिस सेवा मेडल से हैं समानित
उल्लेखनीय है कि श्री खान का सीबीआई में तीन दशकों से भी लम्बा अनुभव रहा है। उन्हें राष्ट्रपति द्वारा भारतीय पुलिस सेवा मेडल प्रदान किया गया है। यूनाइटेड नेशंस के मिशन अंतर्गत बोस्निया यूरोप में ह्यूमन राइट्स ऑफिसर बतौर भी सेवाएँ दी है। सार्वजनिक क्षेत्र के विभिन्न लोक सेवकों, आर्थिक अपराधों, बैंक धोखाधड़ी सहित वरिष्ठ लोक सेवकों के खिलाफ कई भ्रष्टाचार विरोधी मामलों की जाँच की है। उन्होंने निजाम सोने का सिक्का मामला जो कि अवैध रूप से स्विट्जरलैंड को निर्यात किए गए थे, टाइगर मेनन का नकली पासपोर्ट मामला, सत्यम धोखाधड़ी मामला, ओबुलापुरम (बेल्लारी) खनन मामला, भोपाल में व्यापम घोटाले के मामले आदि के जाँच किए हैं। सीबीआई मामले की जांच के लिए जर्मनी, फ्रांस और स्विट्जरलैंड का दौरा किया है। आरएम खान भारतीय पुलिस पदक से सम्मानित हैं और उन्हें एक जांच अधिकारी के रूप में किए गए अच्छे काम के लिए निदेशक सीबीआई से कई पुरस्कार और प्रमाण पत्र भी प्राप्त हुए हैं।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel