Saturday, April 11, 2026
Home कोरबा सीएसपी ने कहा- सुधर जाओ वरना सुधार दिए जाओगे…क्षेत्र के गुण्डा-बदमाशों को...

सीएसपी ने कहा- सुधर जाओ वरना सुधार दिए जाओगे…क्षेत्र के गुण्डा-बदमाशों को सख्त हिदायत

कोरबा, (खटपट न्यूज)। पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के द्वारा आपराधिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोष सिंह द्वारा ली गई क्राइम मीटिंग के बाद क्षेत्र के गुण्डा-बदमाशों को सख्त हिदायत दी जा रही है कि वे कानून के दायरे में रहे और जिले के अमन चैन में किसी तरह से खलल न डालें।
एसपी से प्राप्त निर्देश के पालन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों द्वारा गुंडे-बदमाशों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के द्वारा कोरबा अनुविभाग के अंतर्गत सूचीबद्ध गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की परेड पुलिस चौकी रामपुर में ली गई। सीएसपी ने इन सभी को सख्त हिदायत दी कि अपनी आदतों में सुधार लाएं और अपराध से तौबा करें। इन्हें कहा गया कि वे सुधर जाएं वरना सुधार दिए जाएंगे। आचरण में सुधार नहीं लाने पर कानूनी कार्यवाही की हिदायत दी गई। सीएसपी ने सभी गुंडा एवं निगरानी बदमाशों से बारी-बारी नाम-पता पूछ कर उनके विरुद्ध दर्ज मामले एवं वर्तमान में जीवन यापन के जरिया के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इन्हें हिदायत के साथ यह भी आश्वासन दिया गया कि जो बदमाश अपनी आदतों में सुधार कर चुके हैं, उन्हें माफी सूची में लाने हेतु प्रस्ताव भेजा जाएगा। इस दौरान थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रूपक शर्मा, थाना प्रभारी बालको निरीक्षक मनीष नागर, थाना प्रभारी उरगा निरीक्षक सनत सोनवानी, चौकी प्रभारी रामपुर उपनिरीक्षक कृष्णा साहू, चौकी प्रभारी मानिकपुर उपनिरीक्षक लालन पटेल सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।

Advertisement Carousel