Monday, March 23, 2026
Home रायपुर सीएम बघेल ने भारत बंद को दिया समर्थन…

सीएम बघेल ने भारत बंद को दिया समर्थन…

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों के 8 दिसंबर को भारत बंद के समर्थन का ऐलान कर दिया है। देशभर में केंद्रीय कृषि कानून के खिलाफ भड़की आग और विरोध के बीच किसानों ने 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है, जिस पर गैर भाजपा शासित प्रदेशों की सरकारों ने समर्थन देने का फैसला लिया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों के भारत बंद को समर्थन देने के साथ ही राम मंदिर के मामले में भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए करारा प्रहार किया है। मुख्यमंत्री बघेल का कहना है कि भाजपा राम मंदिर के नाम पर केवल राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस राम की सबसे बड़ी समर्थक है। उन्होंने कहा कि भाजपा राम के नाम पर केवल वोट लेती रही है, हिन्दुओं के लिए आज तक कोई प्रयास नहीं किया। देश में हिन्दुओं के विकास के लिए आज तक कोई माॅडल नहीं बना, जबकि हिन्दुओं का सबसे ज्यादा वोट भाजपा को जाता है।

राम मंदिर के लिए चंदा इकट्ठा किए जाने के मामले में भी सीएम बघेल ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। सीएम बघेल ने कहा कि राम मंदिर के लिए भाजपा ने चंदा इकट्ठा करने का धंधा बना लिया है। 1992 से लेकर अब तक इकट्ठा किए चंदा का हिसाब पहले सार्वजनिक होना चाहिए, ताकि हकीकत सामने आ सके और देश की जनता को पता लगे कि उनकी सहयोग राशि वास्तव में कहां जा रही है।

Advertisement Carousel