निगम आयुक्त ने अपने अधिकारियों को सौंपे दायित्व

कोरबा (खटपट न्यूज)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जल्द ही कोरबा जिला प्रवास हो सकता है। दिसंबर माह के दूसरे व तीसरे सप्ताह में उनके प्रवास की सुगबुगाहट तेज हुई थी जो अन्यान्य कारणों से टलती चली गई। अब प्रशासनिक गलियारे में हलचल है कि मुख्यमंत्री का जल्द ही कोरबा प्रवास होगा और डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम में सभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कोरबा आगमन व ओपन थियेटर में सभा स्थल पर आवश्यक तैयारी एवं व्यवस्था के लिए नगर पालिक निगम को दायित्व सौंपे गए हैं। सभा स्थल पर साफ-सफाई, स्टॉल व्यवस्था, बैनर, पानी टैंकर, मास्क वितरण के साथ ही पंपहाउस में प्रारंभ होने वाले शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल के कार्यक्रम हेतु संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारियांं संबंधित निगम अधिकारियों को आयुक्त एस जयवर्धन ने सौंप दी है। बता दें कि जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल महादेव प्रकृति दर्शन केंद्र सतरेंगा में सर्वसुविधायुक्त रिसोर्ट का लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रवास का कार्यक्रम पूर्व में बना था जो टलता चला गया। इसके बाद दिसंबर के दूसरे व तीसरे सप्ताह के मध्य भी उनका प्रवास प्रस्तावित रहा लेकिन कार्यक्रम नहीं बन पाया। अब एक बार फिर मुख्यमंत्री के प्रवास की सुगबुगाहट तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास प्रदर्शनी सहित अन्य आयोजन के साथ ही हितग्राहियों को सभास्थल से लाभान्वित कराने पर भी कार्य प्रशासनिक महकमे द्वारा किया जा रहा है।















