
कोरबा (खटपट न्यूज)। दीपावली की छुट्टी पर गृहग्राम बरपाली आए सिक्यूरिटी इंचार्ज के साथ रंजिशवश दो युवकों ने मारपीट की। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली का निवासी नरेंद्र कुमार प्रजापति न्यू नेशनल फोर्स सिक्यूरिटी एजेंसी लिमिटेड संबलपुर ओडिसा में इंचार्ज के पद पर कार्यरत है। 18 अक्टूबर से वह छुट्टी लेकर गांव आया हुआ है। 4 नवंबर को शाम 7-8 बजे के बीच बस स्टैंड बरपाली से अपने घर जा रहा था कि राहुल डेयरी के पास रितिक यादव और प्रताप विश्वास ने पुरानी रंजिश पर गाली-गलौज करते हुए जान की धमकी देकर हाथ-मुक्का और बेल्ट से मारपीट किया। नरेंद्र कुमार के सिर में बाएं और पीछे की तरफ चोट लगी और वह लहूलुहान हो गया। प्रकाश दास महंत ने बीच-बचाव किया। सूचना मिलने पर पहुंचे भाई वासु प्रजापति ने मोटरसाइकिल में बिठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। कुछ ठीक होने उपरांत उसने घटनाक्रम की रिपोर्ट दर्ज करा दिया है। उरगा पुलिस ने धारा 294, 506, 323, 34 के तहत रितिक यादव व प्रताप विश्वास के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया है।















