Saturday, March 7, 2026
Home कोरबा साहब…! किसानों की मेहनत पर भूरा माहो का प्रकोप, रोकथाम के लिए...

साहब…! किसानों की मेहनत पर भूरा माहो का प्रकोप, रोकथाम के लिए ध्यान दीजिए…

कोरबा (खटपट न्यूज)। जिले के करतला क्षेत्र में किसानों के धान पर माहो का प्रकोप देखने को मिल रहा है। पिछले दिनों भी इस तरह की बातें सामने आई थी और खेत में खड़ी धान की फसल धीरे-धीरे खराब होने लगी। बताया जा रहा है कि करतला ब्लॉक के ग्राम तिलकेजा एवं आसपास के गांवों में धान के फसलों में भूरा माहो का प्रकोप दिनों दिन सुरसा के मुख की तरह बढ़ता जा रहा है। किसानों के द्वारा फसलों को बचाने के लिए विभिन्न प्रकार के कीटनाशकों का प्रयोग किया जा रहा है किंतु सफलता नहीं मिल रही है। प्रभावित किसानों की मांग है कि शासन एवं प्रशासन को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। किसानों के साल भर की मेहनत उनकी नजरों केे सामने मरता देख कर किसान चिंतित हंै। प्रशासन को पूर्व में भी कृषक दुलीचंद धीवर के द्वारा अवगत कराया जा चुका है जिसे गंभीरतापूर्वक नहीं लिया गया। दुलीचंद धीवर ने बताया कि आए दिन समाचारों के माध्यम से ज्ञात होता है कि किसान आत्महत्या कर रहे हैं। इस तरह की घटनाओं से स्थानीय प्रशासन एवं शासन को सबक लेकर कीटों के प्रकोप से फसलों को बचाने के लिए उपाय करने की गुहार लगाई गई है। याद रहे इसके पूर्व 21 सितंबर को कृषक दुलीचंद धीवर द्वारा प्रदेश के कृषि मंत्री रवीन्द्र चौबे को ज्ञापन प्रेषित कर ग्राम तिलकेजा व आसपास के गांवों में धान के फसल पर लग रही बीमारी के नियंत्रण हेतु कृषि वैज्ञानिक एवं उच्च विभागीय दल गठित कर रोकथाम हेतु उपयुक्त दवाई बनवाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का भी आग्रह किया गया है।

Advertisement Carousel