कोरबा(खटपट न्यूज़)। पत्रकार कमल शुक्ला पर कांकेर में हुये हमले को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रकाश चंद्रा ने सरकार पर हमला बोलते हुये कहा कि कांग्रेस सरकार के संरक्षण में ही पत्रकारों पर हमले हो रहे हैं जिसमे शासन-प्रशासन दोनों की मिली भगत है और मामले को रफा-दफा करने पुलिस एक हमलावर गुंडे को पत्रकार बता कर आपस की लड़ाई साबित करने में लगी है। जबकि ये मामला वरिष्ठ पत्रकार कमल शुक्ला द्वारा कांकेर में हो रहे रेत के अवैध उत्खनन व भ्रष्टाचार को उजागर करने के कारण हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश भर में सरकार के संरक्षण में रेत का अवैध उत्खनन हो रहा है जिसको लेकर आम आदमी पार्टी लगातार आवाज भी उठा रही है पर सरकार स्वयं भ्रष्टाचार में लिप्त होने के कारण कोई कार्यवाही नही करती है। कमल शुक्ला के इस मामले को लेकर लगातार आवाज उठाने से शासन, प्रशासन और और अवैध रेत उत्खनन से जुड़े माफिया घबराकर उनके ऊपर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के द्वारा हमला बोला गया वह भी थाने के सामने पर पुलिस द्वारा कोई ठोस धारा नहीं लगाया गया। कमल शुक्ला ने स्वयं वहां पर हमलावरों के तरफ से पिस्तौल लहराने का आरोप लगाया है ।
आप नेता ने कहा है कि सरकार के लोग ही अगर लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू हो जाएं, प्रशासन आंख बंद कर ले तो छत्तीसगढ़ को उतरप्रदेश बनने में ज्यादा दिन नही लगेगा। पूरे देश भर में पत्रकारों पर आये दिन हमले हो रहे हैं और कई मामलों में जान तक गई है, यह एक गम्भीर चिंतन का विषय है। उन्होंने कहा कि चुनाव के पहले तक कांग्रेस पार्टी पत्रकार सुरक्षा कानून लाने की बात करती थी पर सरकार आज तक कोई पत्रकार सुरक्षा कानून नहीं बना पाई। सरकार को हर छोटे-बड़े कानून बनाने के लिए 2 साल का समय कम पड़ गया है। सरकार की लेट लतीफी सरकार की नियत पर सवाल खड़े करता है। श्री चन्द्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने कार्यकर्ताओं पर लगाम लगाये ।
उन्होंने गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू से सवाल पूछा है कि कानून व्यवस्था आपसे नहीं संभल रही है तो ईस्तीफा दे दीजिये। कमल शुक्ला को न्याय दें नहीं तो आम आदमी पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। उक्त जानकारी मुशाहिद अंसारी मीडिया प्रभारी ने दी है।