
कोरबा (खटपट न्यूज)। कोरबा साउंड एसोसिएशन की बैठक टीपी नगर स्थित होटल सेन्टर पाइंट में आयोजित की गई। करोना काल में विगत 5 माह से बेरोजगार हो गए सभी साउंड व्यापारीगण इस बैठक में एकत्रित हुए। इन्होंने बताया है कि उनके द्वारा जून माह में एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपकर मांग की गई थी कि उनके लिए भी रोजगार की व्यवस्था की जाए और आयोजनों में साउंड सिस्टम के लिए अनुमति प्रदान की जाए लेकिन प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। साउंड एसोसिएशन ने कहा है कि सबके रोजगार चालू हो चुके हैं लेकिन साउण्ड वालों के व्यापार बंद हैं। इस कार्य से जुड़े लोगों के समक्ष भूखों मरने की नौबत आ चुकी है। कुछ साउंड सिस्टम वाले कर्ज लेकर अपना कार्य चालू किए थे, लेकिन अब रोजगार न होने से उधारी में लिए गए साउंड सिस्टम संबंधित सामानों की किश्त भी नहीं पट पा रहे हैं। ऐसे में साउंड सिस्टम के काम से जुड़े लोग और उनके परिजन मानसिक तनाव के दौर से गुजर रहे हैं व सभी साउंड आपरेटर उग्र आंदोलन के लिए मजबूर हो गए हैं। एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से पुन: अनुरोध किया है कि जिस प्रकार सबके व्यापार चालू हो चुके हैं, उसी प्रकार प्रशासन उन्हें भी अनुमति प्रदान करे।

बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सिंह,उपाध्यक्ष राजू सैनी, सचिव गिरीश बंजारे, सहसचिव सुनील चौहान, कोषाध्यक्ष प्रवेश अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष सुशील देवांगन आदि उपस्थित रहे। उक्ताशय की जानकारी मीडिया प्रभारी अन्नू कर्ष ने दी है।














