
कोरबा(खटपट न्यूज़)। बजाज हेल्थ इन्श्योरेंस योजना में 707 रुपये बिना कारण खाता से काट लिए जाने पर रिफंड (वापसी) के लिए ऐनी डेस्क एप्लिकेशन मोबाइल पर डाउनलोड करवा कर और जानकारी हासिल कर जीटीपी कंपनी के एक कर्मी के खाता से 1 लाख 36 हजार 937 रुपये निकाल लिए गए। गूगल कस्टमर केयर से मिले हेल्प लाइन नम्बर पर सम्पर्क करने के बाद यह एप डाउनलोड कराया गया। पीड़ित सुपदास मानिकपुरी के आईसीआईसीआई और स्टेट बैंक में संचालित खाते से पूरी रकम 4 से 5 किश्तों में निकाल कर ठगी की गई। रिपोर्ट पर 420 का मामला दर्ज कर पड़ताल दीपका पुलिस द्वारा की जा रही है। बता दें कि एनी डेस्क एप डाउनलोड करा कर रिफंड के बहाने कोतवाली क्षेत्र के अग्रोहा मार्ग निवासी दिव्या अग्रवाल के बैंक खाता से भी हाल ही में 1 लाख 87 हजार रुपये गायब कर दिए गए। इस मामले में भी जांच जारी है।















