संस्कृति ज्ञान परीक्षा : समाज में जागेगा भारतीय संस्कृति बोध, पंजीयन प्रारंभ

रायपुर/कोरबा (खटपट न्यूज)। विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान द्वारा कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों के अलावा आचार्य, शिक्षक, अभिभावक और आम समाज के लिए संस्कृति ज्ञान परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के प्रश्न-पत्र संस्कृति बोधमाला क्रमांक 1 से 10 पुस्तकों पर आधारित होंगे। इन पुस्तकों में भारतीय संस्कृति की प्राचीन धरोहर, राष्ट्रीय उपलब्धियां तथा अंतरराष्ट्रीय योगदानों की जानकारी दी गई है। उद्देश्य यह है कि बालकों के मन में यह विश्वास जागृत हो कि भारत का अतीत ही नहीं, वर्तमान भी उतना ही गौरवशाली है।
संस्थान ने परीक्षा की विशेष व्यवस्था की है। कक्षा 3 से 12 तक की पुस्तिकाओं का मूल्य 50 रुपये प्रति पुस्तक निर्धारित किया गया है। वहीं आचार्य, शिक्षक, अभिभावक और आम समाज के लिए उपलब्ध प्रवेशिका, मध्यमा, उत्तमा का मूल्य 60 रुपये तथा प्रज्ञा का मूल्य 100 रुपये रखा गया है।
0 पंजीकरण और प्रक्रिया
संस्कृति ज्ञान परीक्षा हेतु पंजीकरण संस्थान की वेबसाइट www.samskritisansthan.com के माध्यम से किया जाएगा। पुस्तक मूल्य की राशि राष्ट्रीयकृत बैंकों के बहुशहरी रेखांकित चैक अथवा बैंक ड्राफ्ट द्वारा ‘विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान’ कुरुक्षेत्र कार्यालय को भेजी जा सकती है। विशेष बात यह है कि परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है। परीक्षा उपरान्त प्रश्न-पत्र और प्रमाण-पत्र नि:शुल्क भेजे जाएंगे। इस पहल से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के प्रति गहरी समझ और गौरव की भावना विकसित होगी।

Advertisement Carousel