Sunday, April 26, 2026
Home कोरबा संविधान दिवस:अपर कलेक्टर पाटले ने पढ़ी संविधान की प्रस्तावना,दिलाई शपथ

संविधान दिवस:अपर कलेक्टर पाटले ने पढ़ी संविधान की प्रस्तावना,दिलाई शपथ

0 संविधान की मूल भावना के अनुसार जनहित में काम करने का लिया संकल्प

कोरबा (खटपट न्यूज़)। भारतीय संविधान को अंगीकृत करने के दिन 26 नवम्बर को हर साल संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। कलेक्टोरेट परिसर में भी आज संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर विजेंद्र पाटले, जिला पंचायत सीईओ नूतन कंवर सहित अधिकारी कर्मचारियों ने संविधान निर्माता बाबासाहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हे नमन किया।

इस मौके पर उपस्थित कलेक्टर कार्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का पाठन किया। सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने संविधान की मूल भावना के अनुरूप जनहित में काम करने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री पाटले ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान निर्माताओं ने सभी वर्गों की भावनाओं और जन अपेक्षाओं को भारतीय संविधान में समाहित किया है। इससे सशक्त राष्ट्र निर्माण करने की नीव मजबूत हुई है। उन्होंने नागरिकों से संविधान की मूल भावना को जीवन में आत्मसात करने की अपील की।

Advertisement Carousel