Friday, March 27, 2026
Home कोरबा शिकायत के 10 दिन बाद भी विद्युत विभाग की नहीं खुली नींद,...

शिकायत के 10 दिन बाद भी विद्युत विभाग की नहीं खुली नींद, जर्जर खंभों को सुधारने ध्यान नहीं

कोरबा (खटपट न्यूज)। विद्युत वितरण कंपनी जहां समय-बेसमय विद्युत आपूर्ति बंद कर लोगों को बेहाल करने के आरोपों से लगातार घिरी हुई है वहीं मेन्टेनेंस के कार्य में भी घोर लापरवाही उजागर होती रहती है। आम जनता की शिकायत पर समाधान तो कई बार भगवान भरोसे ही रहता है लेकिन जब जनप्रतिनिधि शिकायत करे तो, उसका भी अपने हिसाब से निराकरण किया जाना गंभीर बात है। पार्षद द्वारा विद्युत खंभों के जर्जर अवस्था की जानकारी देने के बाद भी आधा-अधूरा निराकरण ठेकेदार ने किया है। इससे साफ है कि विद्युत अधिकारियों का ठेकेदारों पर नियंत्रण नहीं रह गया।


कोरबा शहर सहित उप नगरीय, ग्रामीणों और कालोनी क्षेत्रों में अक्सर अनेक जर्जर खंभे झूलते, लटकते, दूसरे का सहारा लेकर अटके हुए कई जगह नजर आ जाते हैं। वर्षों पहले लगाए गए खंभे जहां जर्जर होने लगे हैं, वहीं कुछ साल पहले भी लगाए गए नए खंभे गुणवत्ताहीन कार्य के कारण देर-सबेर हादसे का अंदेशा पैदा किए रहते हैं। इस तरह की तमाम शिकायतें सामने आती रहती हैं किंतु निराकरण के प्रति गंभीरता नहीं दिखाना गंभीर बात है। इसी कड़ी में निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 22 से कांग्रेस पार्षद एवं अपील समिति के सदस्य अनुज कुमार जायसवाल द्वारा 27 मई को विद्युत वितरण कंपनी पाड़ीमार जोन के सहायक अभियंता को लिखित शिकायत कर शिवाजी नगर में 7 अलग-अलग स्थानों में मौजूद जर्जर खंभों की समस्या से अवगत कराया गया। अनेक जानकारियों के बाद भी समाधान न होने के कारण मकान क्रमांक एलआईजी-82 पर खंभा क्रमांक-22/269 12 दिन पहले गिरा हुआ था और भी उसी हालत में है। इसी तरह खंभा क्रमांक 22/281, 22/292, 22/296, 22/265, 22/257 एवं 17/2 की नींव पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है जिस पर चढ़कर सुधार करने वाले कर्मचारी की जिंदगी दांव पर लगती है साथ ही अन्य लोगों के लिए भी खतरा बना रहता है।
पार्षद अनुज जायसवाल की शिकायत का वितरण कंपनी के ठेकेदार अभिषेक चेट्टी के द्वारा आधा-अधूरा निराकरण किया गया जिसे लेकर पार्षद ने व्यवस्था पर सवाल भी उठाए हैं। पार्षद का कहना है कि ठेकेदार लोग मिलकर सीएसईबी को चला रहे हैं और अधिकारियों का इन पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया। मकान पर गिरा खंभा आज भी नहीं हटाया गया जबकि मौके पर ठेकेदार को ले जाकर दिखाया भी गया और 3 से 4 बार ध्यानाकर्षण भी बीते 10 दिनों के भीतर कराया गया। इसी तरह मात्र 3 खंभों को ही बदला गया, शेष पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
0 मेन्टेनेंस पर सवाल, अक्सर गुल होती है बिजली
पार्षद ने बिजली व्यवस्था के मेन्टेनेंस पर सवाल उठाए हैं कि कई बार बिना सूचना के ही बिजली गुल कर दी जाती है जबकि न तो हवा चलती है, न पानी बरसता है। शिवाजी नगर में सब स्टेशन स्थापित होते हुए भी हल्की आंधी आने पर बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रहती है। कोसाबाड़ी स्थित कार्यालय में फोन लगाने पर उपभोक्ताओं को संतोषप्रद जवाब नहीं मिलते। यहां का फोन भी अक्सर इंगेज मिलता है जिसके बारे में कहा जा रहा है कि फोन को रिसीवर से उठाकर अलग रख दिया जाता है ताकि मौजूद कर्मचारी डिस्टर्ब न हों।

Advertisement Carousel