कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिले में प्रथम जिला स्तरीय दिव्यांग क्रिकेट चैंपियनशिप T-20 का मैच सेंट्रल वर्कशॉप, कोरबा के सामने जेआरसी मैदान में खेला जा रहा है। व्हीलचेयर पर बैठे-बैठे ही दिव्यांग खिलाड़ी अपनी अद्भुत खेल कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।

यह आयोजन पिछड़ा वर्ग संगठन कोरबा के द्वारा किया जा रहा है जिसका शुभारम्भ आज सुबह महापौर राजकिशोर प्रसाद द्वारा किया गया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल प्रारम्भ कराया। इस आयोजन के लिए महापौर ने आयोजकों को धन्यवाद भी दिया कि इस तरह की खेल प्रतिभा से रूबरू कराने का अवसर लाया।

पिछड़ा वर्ग संगठन कोरबा के युवा जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा ने बताया कि पहला मैच कोरबा व जांजगीर के मध्य हुआ। बारिश के कारण मैदान थोड़ा प्रभावित जरूर हुआ लेकिन तात्कालिक व्यवस्था कर इसे खेल आयोजन के लायक समिति के लोगों द्वारा बना लिया गया।

क्रिकेट चैंपियनशिप में जांजगीर, रायपुर और कोरबा की टीम शामिल है। द्वितीय मैच रायपुर और जांजगीर चांपा के बीच दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। 14 मार्च को कोरबा वा रायपुर के बीच मैच खेला जाएगा। इसी दिन दोपहर 2 बजे विजयी टीमों के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा। शाम 5 बजे कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। समापन के बाद पुरस्कार वितरण किया जाएगा। पिछड़ा वर्ग संगठन कोरबा के युवा जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा, सचिव शिव जायसवाल, जिलाध्यक्ष गिरधारी लाल साहू, महासचिव डॉ. राजेश राठौर, संरक्षक पालू राम साहू आदि आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने और मैच देखने यहां लोग पहुंच रहे हैं।














