
कोरबा(खटपट न्यूज़)। पिछड़ा वर्ग संगठन, कोरबा द्वारा आयोजित व्हीलचेयर क्रिकेट चैम्पियनशिप में जांजगीर की दिव्यांग टीम ने दनादन चौके-छक्कों की बरसात कर जीत दर्ज कराई। कोरबा की टीम उप विजेता रही।

एसईसीएल कोरबा के जेआरसी खेल मैदान में 13 मार्च से प्रारंभ व्हीलचेयर क्रिकेट चैम्पियनशिप का रविवार को कोरबा व रायपुर के मध्य सेमीफायनल मैच खेला गया। रायपुर की टीम के विजयी होने के बाद भी प्वाइंट के हिसाब से कोरबा की टीम को फायनल खेलने का मौका मिला। फायनल में जांजगीर की टीम ने पहले बल्लेबाजी कर 12 ओव्हर में 193 रन बटोरे। टीम के धनंजय, हरी सोनवानी और युधिष्ठिर भोई ने चौके-छक्कों की बरसात कर 193 रन का स्कोर खड़ा किया। कोरबा की टीम 119 रनों पर सिमट गई और 74 रन से जांजगीर विजयी हुई।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि सृष्टि महिला मंडल की अध्यक्ष प्रीति सिंह, पिछड़ा वर्ग संगठन ने दोनों टीम को पुरस्कृत किया। प्रीति सिंह ने आयोजन के लिए पिछड़ा वर्ग संगठन को धन्यवाद दिया। आयोजन में पिछड़ा वर्ग संगठन के जिलाध्यक्ष गिरधारीलाल साहू, महासचिव डॉ. राजेश राठौर, संरक्षक पालूराम साहू, युवा संगठन के जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा, सचिव शिव जायसवाल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों, सदस्यों का सहयोग रहा।














