Monday, March 23, 2026
Home कोरबा व्यवसायी यूसुफ काजी खुद डूबा या डुबा कर मारा गया…? सुलझ नहीं...

व्यवसायी यूसुफ काजी खुद डूबा या डुबा कर मारा गया…? सुलझ नहीं रही गुत्थी…


कोरबा-कटघोरा, (खटपट न्यूज़)। कटघोरा निवासी फेब्रिकेशन व्यवसायी युसूफ काजी की उसके घर के पीछे स्थित तालाब से लाश मिलने का मामला हर दिन नया मोड़ लेता जा रहा है। गुत्थी को सुलझाने के लिए हर पहलू और कई बिंदुओं पर जांच जारी है। मामला जितना सीधा पहले लग रहा था, अब उतना ही पेचीदा हो गया है कि आखिर उसकी मौत किन हालातो में हुई?

14 नवंबर की रात करीब 10.30 बजे वह आखिरी बार उक्त तालाब के किनारे मौजूद देखा गया और इसके बाद लापता हो गया। 15 नवंबर की रात उसकी लाश तालाब से बरामद हुई। मृतक की जेब में 1 लाख 75 रुपए रखे हुए थे जो पूरी तरह सुरक्षित मिले जिससे प्रथम दृष्टया मामला लूटपाट जैसी किसी वारदात का नहीं लगा। कटघोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह ने बताया कि शार्ट पीएम रिपोर्ट के मुताबिक डूबने से युसूफ की मौत हुई है। अब यह जांच का विषय है कि वह खुद से डूबा या किसी ने डुबाया था? फॉरेंसिक जांच भी इस मामले में कराई जा रही है ताकि विवेचना में आवश्यक तथ्य उजागर हो सकें। इधर युसूफ के परिजनों द्वारा उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक के साथ आखिरी बार एक शख्स को देखे जाने की बातें जहां शुरू से सामने आ रही है वहीं लापता होने से कुछ देर पहले किसी से विवाद की भी बात सामने आई है। युसूफ को पुलिस ने घटना से एक दिन पहले साथियों के साथ जुआ खेलते पकड़ कर कार्रवाई भी की थी और अन्य तरह की बातें भी मृतक के संबंध में सामने आ रही है। तरह-तरह की बातों व आशंकाओं से मौत का यह मामला अब सामान्य नहीं रह गया बल्कि विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। परिजनों के मुताबिक युसूफ एक अच्छा तैराक व खिलाड़ी भी था तो उसके सामान्य तरीके से डूबने की आशंका निर्मूल साबित हो रही है। इसी तरह सूत्रों के मुताबिक इसका पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक रूद्रपाल सिंह कंवर ने पोस्टमार्टम के दौरान शरीर में एल्कोहल की पुष्टि नहीं की है। तब यह बात भी निर्मूल होती है कि युसूफ काजी घटना के वक्त शराब के नशे में था। बहरहाल इस पूरी गुत्थी से पर्दा उठने के इंतजार में परिजन और कटघोरावासी भी हैं।

Advertisement Carousel