कोरबा-बांकीमोंगरा(खटपट न्यूज़)। जिले के वार्ड क्रमांक 64 ग्राम घुड़देवा में विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से दो मवेशियों की मौत हो गई। विद्युत विभाग और नगर निगम की तकरार में गिरे तार का सुधार नहीं हुआ और दो बेजुबानों को इसकी कीमत जान गंवाकर चुकानी पड़ी।

मवेशी मालिक ग्राम घुड़देवा निवासी राजबालक यादव पेशे से दुग्ध व्यवसाई है। उसने बताया कि बिजली के खंभे से विद्युत प्रवाहित तार टूटकर जमीन पर गिर गया था जिसकी चपेट में आने से उसके दो दुधारू मवेशियों की मौत हो गयी। दोनों मवेशियों की कीमत एक लाख रुपये से ज्यादा है।
वार्ड पार्षद पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि वे लोग अनेकों बार नगर निगम और बिजली विभाग के कर्मचारियों से शिकायत किये थे कि बिजली खंभे से तार टूट कर जमीन पर गिर गया है। उस पर करंट भी प्रवाहित हो रहा है, इससे कोई भी बड़ी घटना घट सकती है उसे तत्काल दुरुस्त किया जाए लेकिन निगम के अधिकारियों ने कहा कि यह बिजली विभाग का काम है वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों ने कहा कि यह निगम के अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इस तरह किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया और घटना घट गई। बिजली विभाग इसके लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार है। उन्हें पीड़ित मवेशी मालिक को मुआवजा देना चाहिए।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)















