0 रुपये निकालने बैंक पर आश्रित हर वर्ग हो रहा परेशान
कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले में 12 अप्रैल से प्रारंभ पूर्ण लॉकडाउन 5 मई तक प्रभावशील है। बढ़ते कोरोना के संक्रमण को देखते हुए बैंकों का कामकाज भी ठप है। कुछ संख्या में सिर्फ बैंक के ही अधिकारी व कर्मचारी बैंक जा रहे हैं। किसी भी सूरत में ग्राहकों का बैंक में जाना प्रतिबंधित है। ऐसी दशा में वे लोग खासी मुसीबत में हैं जो लेन-देन के लिए पूरी तरह से बैंक पर निर्भर हैं। इस वक्त वे भी परेशान हैं जिनके सिर पर मौत ने गमों का पहाड़ तोड़ दिया है, या इलाज, दवाई, राशन आदि अन्य जरूरी काम के लिए नगदी नहीं है। श्रद्धांजलि जैसी योजना की जारी राशि के चेक जमा नहीं किये जा रहे हैं और न ही इसके नगद भुगतान की फिलहाल कोई व्यवस्था है।

शासकीय कर्मचारियों से लेकर पेंशनधारियों एवं शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं की राशि बैंकों में ही जमा होती है। बैंक में जमा राशि को उपभोक्ता अपने जरूरत अनुसार आहरण करता है। चूंकि अधिकांश लोग अब भी एटीएम का उपयोग करना नहीं जानते अथवा उनके पास एटीएम कार्ड नहीं है। नेट बैंकिंग, कैशलेश प्रणाली को व्यवहार में नहीं लाते व इसकी जानकारी नहीं रखते और न ही इसके उपयोग लायक स्मार्टफोन का उपयोग करते हैं। खासकर पेंशन योजना के हितग्राहियों एवं वृद्ध पेंशनरों के साथ यह दिक्कत ज्यादातर है। बैंकों के खुले रहने पर वे यहां किसी तरह पहुंचकर राशि आहरण कर लेते हैं लेकिन बैंक बंद होने के कारण वे अपनी माह के अंत में जमा पेंशन राशि निकालने में असमर्थ हैं। अनेक पेंशनधारियों पर उनके पूरे परिवार का भरण-पोषण निर्भर है तब ऐसी दशा में उनके लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल होने वाला है क्योंकि बैंक बंद हैं। कई ऐसे पेंशनर भी हैं जो यहां सेवा देने के बाद दूसरे जिले में बस गए हैं लेकिन पेंशन कोरबा के बैंक से ही निकलती हैं, उनके लिए भी परेशानी है कि वहां के बैंक से बिना चेक राशि नहीं निकाल सकते। इसी तरह वृद्धावस्था, विधवा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों को भी दिक्कत हो रही है। हालांकि बैंक बंद होने के कारण अनेक योजनाओं के चेक दफ्तरों में पड़े हैं लेकिन जिनकी राशि सीधे खाता में जमा होती हैं, वे चाहकर भी इसे निकाल नहीं पा रहे हैं।
0 श्रद्धांजलि योजना की राशि नगद दें हितग्राहियों को : दिनेश सोनी
नगर पालिक निगम के वार्ड 11 नई बस्ती के पार्षद व पूर्व एमआईसी सदस्य दिनेश सोनी ने निगम आयुक्त व महापौर को पत्र प्रेषित कर श्रद्धांजलि योजना के अंतर्गत प्रदान किए जाने वाली सहायता राशि का प्रबंध कराने की मांग की है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि वर्तमान कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रशासन के निर्देशानुसार बैंक के माध्यम से लेन-देन प्रतिबंधित किया गया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु पर उसे 24 घंटे में परिवार के अन्य सदस्य द्वारा आवेदन प्रस्तुत करने पर निगम 3 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करता है। उक्त राशि से पीड़ित परिवार अंतिम संस्कार से संबंधित सामग्री कर करता है। दिनेश सोनी ने मांग की है कि लॉकडाउन व कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए उपरोक्त संवेदनशील विषय पर बैंक के नहीं खुलने तक जोन कमिश्नर या अन्य माध्यम से पीड़ित परिवार को नगदी राशि उपलब्ध कराने हेतु व्यवस्था प्रदान करने की कृपा करें।














