
सूरजपुर (खटपट न्यूज)। सात बच्चों की मां लाखों रुपए लेकर विवाहित प्रेमी के साथ भागने का मामला सामने आया है। प्रेमी के साथ भागी विधवा प्रेमिका के बच्चों को माँ के भागने का गम तो नहीं है, लेकिन उन्हें इस बात का मलाल है कि, उनके द्वारा कमाए गए रकम जो करीब साढ़े तीन लाख रुपए हैं उसे क्यों ले भागी? महिला का बड़ा बेटा जिसकी उम्र करीब 21 साल है वह थाने पहुंच कार्यवाही चाहता है लेकिन पुलिस मुश्किल में इसलिए है क्योंकि रक़म महिला ने अपने खाते से निकाली है, और चुंकि वह बालिग है इसलिए उसे कहीं भी जाने की विधिक स्वतंत्रता हासिल है। सात बच्चों की यह माँ अपने जिस प्रेमी के साथ भागी है, वह प्रेमी भी विवाहित है और उसी आयु के आसपास है। प्रेमी की पत्नी और दो बच्चे भी हैं, पर फ़िलहाल प्रेमी और प्रेमिका फ़रार हैं। मामला ज़िले के मोहरसोप इलाक़े का है जहां की 45 वर्षीया महिला अपने प्रेमी संग बीते तीस जून को ग़ायब हो गई। महिला घर में रखे पचास हज़ार नगद के साथ सेंट्रल बैंक में जमा 2 लाख सत्तर हज़ार नगद और ग्रामीण बैंक में जमा बीस हज़ार रुपया भी निकाल ले गई है। उक्त रक़म को लेकर बच्चों का दावा है कि उन्होंने कमाया था, अब जबकि सारा पैसा ले कर चली गई है तो उनकी ज़िंदगी की गाड़ी पटरी पर चलेगी कैसे? पुलिस के सामने मसला यह है कि महिला बालिग है और दूसरा ये कि रक़म उसने अपने खाते से निकाली है तो कोई कार्यवाही की नहीं जा सकती। कप्तान भावना देव गुप्ता ने कहा घटना हुई है, हम देख रहे है कि क्या कर सकते हैं, बच्चों के बेहतर परवरिश के लिए कुछ शासकीय व्यवस्थाएँ हैं, जो बेहतर कर सकते हैं, आवश्यकतानुरूप कर सकते हैं करेंगे।















