Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा लचर व्यवस्था : 4 माह से दूर नहीं हुआ अंधेरा, इस दीवाली...

लचर व्यवस्था : 4 माह से दूर नहीं हुआ अंधेरा, इस दीवाली ग्रामीणों के घर नहीं होंगे रौशन…?

कोरबा, (खटपट न्यूज़)। बिजली विभाग के मैदानी अमले की लापरवाही अक्सर सामने आती रही है पर जिम्मेदार अधिकारी ही जब समस्या का निराकरण में रुचि न दिखायें तो लचर व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। एक मोहल्ले में 4 माह से खराब ट्रांसफार्मर को सुधारा/बदला नहीं जा सका है, क्यों? कारण किसी भी ग्रामीण को नहीं पता लेकिन इस वजह से करीब 4 माह से अंधेरे में रह रहे इन ग्रामीणों की दीवाली भी अंधेरे में मनेगी।

मामला कोरबा विकासखंड के ग्राम पंचायत लबेद का है। बताया गया है कि लबेद के बीच मोहल्ले में बीते चार माह से बिजली ट्रांसफार्मर खराब है जिसे विभाग ने अब तक नहीं बदला है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अगस्त महीने से ट्रांसफार्मर खराब है जिसे बदला नहीं गया। मोहल्ले में चार महीने से अंधेरा छाया हुआ है जिसे लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। बताया गया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना बिजली वितरण विभाग करतला को दे चुके हैं परंतु विभागीय उदासीनता के कारण इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गयी है और अभी तक ट्रांसफार्मर बदलवाने का कार्य नहीं किया गया है। सिर्फ और सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है। अभी तक बिजली विभाग के द्वारा भी बिजली की समस्या और बिजली आपूर्ति करने को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। समस्या का समाधान नहीं हो सकने के कारण भी कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।

Advertisement Carousel