रेत पर मची रार, अपनी ही सरकार के खिलाफ चक्काजाम, सामूहिक इस्तीफा की चेतावनी दी कांग्रेसियों ने

0 प्रदेशाध्यक्ष के सामने बताया- अब आर-पार की लड़ाई के मूड में

कोरबा-पाली,(खटपट न्यूज़)। पाली ब्लॉक में रेत की समस्या यथावत बनी हुई है। लगातार शिकवे-शिकायत के बावजूद अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं होने से त्रस्त होकर जनता के साथ अब कांग्रेसी अपनी सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में दिख रहे हैं।

इसकी बानगी शनिवार को लोनिवि विश्राम गृह पाली में देखने को मिली जब कांग्रेस जनों ने अपने प्रदेश अध्यक्ष मोहन सिंह मरकाम के समक्ष उक्त समस्या को सामने रखा। कांग्रेसजनों ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रशासन की एकतरफा कार्रवाई से अब क्षेत्र में कामकाज, विकास कार्य ठप हो गए हैं और ग्रामीण पलायन को मजबूर हो रहे हैं। इससे सरकार की बदनामी हो रही है। आमजन सभी नियम कानून मानने को तैयार हैं लेकिन अफसरशाही हावी है और अधिकारियों की हठधर्मिता के कारण जिले में रेत खदान शुरू होने के लगभग 3 सप्ताह बाद भी पाली ब्लॉक में रेत उत्खनन का कार्य आरंभ नहीं हो पाया है। रॉयल्टी होने के बाद भी कार्यवाही कर दी जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री मरकाम ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि इसके बाद भी कांग्रेस जन यहीं संतुष्ट नहीं दिखे और उन्होंने सोमवार को जिलाधीश को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लेते हुए कहा कि यदि 1 सप्ताह के भीतर रेत उत्खनन का कार्य विधिवत आरंभ नहीं किया गया तो चक्काजाम करने को मजबूर होना पड़ेगा। यह भी चेतावनी भी दी गई कि सभी कांग्रेस के पदाधिकारी- जनप्रतिनिधि अपने पद से सामूहिक इस्तीफा भी दे सकते हैं। 

0 प्रथम आगमन पर प्रदेशाध्यक्ष का उत्साही स्वागत

इससे पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन सिंह मरकाम का लोनिवि विश्राम गृह पाली में प्रथम नगर आगमन पर कांग्रेस जनों ने आत्मीय स्वागत किया। पाली तानाखार विधायक मोहित राम केरकेट्टा, सांसद प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा, कांग्रेस प्रदेश सचिव नवीन सिंह ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष यशवन्त लाल,वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश सिंह ठाकुर,दीपक सोनकर, नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश चंद्रा,अनिल गुप्ता, अजय सैनी, पार्षद मुकेश अग्रवाल( पिंटू) विष्णु सोना ताम्रकार,दीपक डीक्सेना सत्यनारायण श्रीवास, प्रवीण सिंह चिंटू, राहुल ब्रिगेड ब्लॉक अध्यक्ष मनीष जायसवाल,राजेश मिश्रा,कयूम बेग,अगर दास, विशेषर दास, जग्गू नेताम, रघुनन्दन, तीजराम आदि अन्य कार्यकर्ता पदाधिकारी एवं कांग्रेस के जनप्रतिनिधि मौजूद थे। विदित हो कि श्री मरकाम गोंगपा संस्थापक पूर्व विधायक स्वर्गीय हीरा सिंह मरकाम के शोक कार्यक्रम में शामिल होने उनके गृहग्राम  तिवरता पहुंचे थे।

Advertisement Carousel