Thursday, March 26, 2026
Home छत्तीसगढ़ रील बनाने के चक्कर में गई जान,कॉलेज की छत से गिरा छात्र

रील बनाने के चक्कर में गई जान,कॉलेज की छत से गिरा छात्र

बिलासपुर(खटपट न्यूज़)। आजकल बात-बात पर रील बनाकर सोशल मीडिया में पोस्ट करने का चलन काफी बढ़ गया है। यह न सिर्फ स्वेच्छाचारिता को बढ़ावा दे रहा है बल्कि जानलेवा भी साबित होने लगा है। साइंस कॉलेज बिलासपुर में रील्स बनाने के चक्कर में एक छात्र की छत से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई।

बताया गया कि जांजगीर-चाम्पा जिले के ग्राम सरखो का निवासी आशुतोष साव पिता रविशंकर 20 वर्ष अशोकनगर में किराए के रूम में रहता था। वह साइंस कॉलेज में बीसीए सेकेंड ईयर का छात्र था। रोज की तरह वह शुक्रवार को वह कॉलेज गया था। दोपहर करीब तीन बजे क्लासेस होने के बाद वह अपने दोस्त सुमीत पांडेय, सिद्धांत यादव, वैभव कौशिक, रोशन कश्यप और सिम्मी साहू के साथ टहलते हुए कॉलेज की छत पर चढ़ गया।
दो मंजिला छत पर चढ़ने के बाद आशुतोष को अचानक रील्स बनाने का ख्याल आया। वह छत से तीन फीट नीचे खिड़की के स्लैब में कूद गया और अपना वजन आजमाने लगा। उसे ऐसा करते देख दोस्तों ने मना भी किया। लेकिन, वह वीडियो बनवाने पर अड़ा रहा। इस घटना के समय छत पर आशुतोष के साथ मौजूद सुमित पांडेय और सिद्धांत यादव ने बताया कि हम लोग कॉलेज परिसर में टहल रहे थे, तभी छत में जाने का गेट खुला था। जिसे देखकर हम लोग ऊपर चले गए। छत पर चढ़ने के बाद आशुतोष ने कूदते हुए वीडियो बनाने के लिए बोला। छात्रों ने बताया कि पहले हमने उसे मना किया, पर वह नहीं माना। उसने स्लैब में उतर कर आजमाया, उस समय हम लोग वह गिर न जाए इसलिए उसका हाथ पकड़े हुए थे। इसके बाद वह स्लैब से छत पर आ गया और कूदते हुए वीडियो बनाने के लिए बोला। छत से स्लैब में कूदते ही उसका पैर फिसल गया और वह गिर गया। उस समय वीडियो बना रहे छात्र दूर थे। जैसे ही आशुतोष जमीन पर गिरा, छात्रों ने अपना मोबाइल बंद किया और दौड़ते हुए नीचे गए, जहां झाड़ियों के बीच आशुतोष बेहोश पड़ा था। उन्होंने उसके ऊपर पहले पानी डाला, तब भी उसके शरीर में हलचल नहीं हुआ। इस पर उन्होंने पुलिस के डायल 112 और 108 को कॉल किया लेकिन फोन नहीं लगा।
घबराए छात्रों ने अपने विभाग के एचओडी को घटना की जानकारी दी। इतने में वहां दूसरे सीनियर स्टूडेंट भी आ गए थे, जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सिम्स पहुंचाया। जांच के बाद उसे मृत बता दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम बाद परिजन को सौंप दिया। पुलिस इस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।

Advertisement Carousel