
कोरबा(खटपट न्यूज़)। पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार राज्य स्तरीय पुलिस डॉग रिफ्रेशर कोर्स 2021 का आयोजन 15 जून से डॉग स्क्वाड मुख्यालय भिलाई में किया गया। आयोजन में अन्य जिलों के साथ-साथ जिला कोरबा से पुलिस डॉग बाघा एवं मास्टर ट्रेनर सुनील कुमार भी सम्मिलित हुए।

एक माह तक कठिन ट्रेनिंग में अभ्यास कराया गया। इस दौरान ओपीडेन्स, रिटिविंग, सेंट डिस्कीमिनेशन, आईडेन्टीफिकेशन, ट्रैक इत्यादि का कठिन अभ्यास कराया गया। अंत में परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में पुलिस डॉग बाघा मय हैण्डलर सुनील कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीजापुर के भी डॉग हैंडलर आरक्षक नोहर बघेल अव्वल रहे। इस रिफ्रेशर कोर्स के करने से भविष्य में अपराधों/वारदातों को सुलझाने में बाघा को और भी अच्छा रिजल्ट देने में सहायता मिलेगी। बाघा और हैण्डलर सुनील कुमार को इस उपलब्धि के लिए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, एएसपी कीर्तन राठौर, रक्षित निरीक्षक संजय साहू आदि ने भी अपनी शुभकामनाएं दी है।
0 वर्ष 2017 से बना पुलिस बल का सदस्य, कई अपराधों में दिया सुराग
बाघा के ट्रेनर सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि बाघा को 3 माह की उम्र में राज्य पुलिस की समिति द्वारा वर्ष 2016 में हैदराबाद से अन्य 19 डॉग के साथ छत्तीसगढ़ लाया गया था। बाघा बेल्जियम शेफर्ड प्रजाति का है जिसमें सूंघने, दौड़ने-भागने की क्षमता अन्य डॉग की अपेक्षा काफी तेज होती है। कोरबा जिले में जून 2017 में बाघा को लाया गया। जिला पुलिस बल में शामिल होने के बाद से अब तक बाघा ने लगभग 39 मामलों को सुलझाने में काफी अहम मदद की है। इनमें से 24 मामले अंधे कत्ल के तो शेष चोरी, नकबजनी आदि के प्रकरण हैं। बाघा अपने ग्रुप का ऐसा डॉग है जिसे 2 बार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा ईनाम प्रदान किया जा चुका है। जिले में पदस्थ पुलिस अधीक्षकों के द्वारा 12 बार सम्मान मिल चुका है।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)















